कांग्रेस की नई टीम तैयार: राव नरेंद्र बने प्रदेश अध्यक्ष, हुड्डा को मिली अहम जिम्मेदारी

दिल्ली।  हरियाणा कांग्रेस में लंबे इंतजार के बाद बड़ा संगठनात्मक फेरबदल किया गया है। 20 वर्षों से चले आ रहे जाट–दलित समीकरण को तोड़ते हुए कांग्रेस ने राव नरेंद्र सिंह को प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) का अध्यक्ष नियुक्त किया है, वहीं भूपेंद्र सिंह हुड्डा को विधान सभा दल (CLP) नेता की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह नियुक्ति कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल की मंजूरी के बाद हुई है, जिसे पार्टी की नई रणनीति माना जा रहा है।

अब तक कांग्रेस के शीर्ष पदों पर जाट और दलित नेताओं का संयोजन देखने को मिलता था, लेकिन इस बार पार्टी ने जाट और ओबीसी को जिम्मेदारी देकर नया संदेश देने की कोशिश की है। विश्लेषकों का मानना है कि यह कदम ओबीसी वर्ग और अन्य समुदायों को साधने की दिशा में उठाया गया है।

गौरतलब है कि पिछले एक साल से हरियाणा कांग्रेस में PCC और CLP दोनों पद रिक्त थे। विधानसभा चुनावों के बाद पार्टी ने लगातार बैठकों और सर्वेक्षणों के आधार पर यह फैसला लिया। भूपेंद्र सिंह हुड्डा पहले से ही CLP नेता पद के प्रबल दावेदार थे और 37 कांग्रेस विधायकों में से अधिकतर ने उनका समर्थन किया था।

वहीं, राव नरेंद्र सिंह का नाम भी PCC अध्यक्ष पद के लिए लंबे समय से चर्चा में था। पार्टी हाईकमान उन्हें एक मजबूत और संतुलित चेहरा मानता रहा है। यह फैसला न केवल गुटबाजी को संतुलित करने का प्रयास है, बल्कि हरियाणा की राजनीति में जातीय ध्रुवीकरण को चुनौती देने की भी रणनीति है। राजनीतिक विशेषज्ञों का कहना है कि कांग्रेस का यह बदलाव आगामी चुनावों में नए समीकरण बनाने की दिशा में अहम साबित हो सकता है।

छवि

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button