मध्य प्रदेश में नीमच अब सिंथेटिक ड्रग का नया केंद्र, एमडी ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़

मालवा के नीमच-मंदसौर क्षेत्र में अफीम और डोडाचूरा तस्करी के लिए कुख्यात इलाके में अब सिंथेटिक ड्रग का नेटवर्क पनप रहा है। नीमच जिले के गांधी सागर डूब क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित एमडी ड्रग्स की फैक्ट्री पकड़ी गई है, जिसमें करोड़ों रुपये का माल बरामद किया गया।
मप्र पुलिस की नारकोटिक्स विंग और केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो की टीम ने 28 नवंबर को दबिश देकर फैक्ट्री को ध्वस्त किया। कार्रवाई के दौरान 2.85 किलो एमडी ड्रग और सुखाने के लिए रखी लगभग 10 किलो से अधिक एमडी ड्रग जब्त की गई। मौके से उपकरण और रसायन भी बरामद हुए। आरोपित निरंजन बंजारा, अर्जुन बंजारा और रमेश बंजारा को गिरफ्तार किया गया।
नीमच में पकड़ी गई फैक्ट्री के मामले में नारकोटिक्स विंग के वरिष्ठ अधिकारी गहनता से जांच कर रहे हैं। पकड़े गए आरोपितों की आपराधिक पृष्ठभूमि की जांच के बाद आपूर्ति नेटवर्क और सप्लाई चैन को ध्वस्त करने की कार्रवाई की जा रही है।
अवैध फैक्ट्री गांधी सागर के डूब क्षेत्र में निर्जन स्थान पर संचालित की जा रही थी ताकि एमडी ड्रग बनाने के दौरान उत्पन्न होने वाली तीक्ष्ण बदबू से आबादी प्रभावित न हो।
सिंथेटिक ड्रग्स के बढ़ते कारोबार ने तस्करों को खेतों से लैब की ओर मोड़ दिया है। यह नशा प्राकृतिक पदार्थों जैसे अफीम और गांजा की तुलना में कम स्थान में, कम निगरानी में और अधिक मुनाफे के साथ बनाया और बेचा जा सकता है। एमडी ड्रग का एक ग्राम 5,000 से 10,000 रुपये तक बिकता है, जबकि इसकी लागत केवल 100-200 रुपये होती है।
एमडी ड्रग्स का पूरा नाम एमडीएमए है, जिसे 3-4 मेथिलीन डाइ आक्सी मेथेम्फेटामाइन कहा जाता है। यह सिर्फ नशे के लिए उपयोग की जाने वाली सिंथेटिक ड्रग है। इसे बनाने के लिए सैफ्रोल, आइसोसैफ्रोल, पिपेरोनल, 3.3 मिथाइलीन डाइ आक्सीफेविन और 2 प्रोपेलोन जैसे रसायनों का इस्तेमाल किया जाता है।
हाल ही में भोपाल, इंदौर, मंदसौर और गरोठ में भी बड़ी मात्रा में सिंथेटिक ड्रग्स जब्त की गई हैं। इन घटनाओं से यह स्पष्ट है कि सिंथेटिक ड्रग्स का कारोबार मालवा और पूरे मध्य प्रदेश में तेजी से फैल रहा है।
राजस्थान की सीमा और जंगल इलाके का फायदा उठाकर तस्कर अपने कारोबार को अंजाम दे रहे हैं। पुलिस लगातार छापामारी कर फैक्ट्रियों, सप्लाई चैन और फाइनेंसरों तक पहुंचकर पूरे नेटवर्क को खत्म करने का प्रयास कर रही है।





