रायपुर में आज भारत-न्यूजीलैंड टी-20 मुकाबला, ट्रैफिक रूट बदले, भारी वाहनों पर प्रतिबंध

रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आज भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी-20 मैच खेला जाएगा। दोनों टीमें गुरुवार को रायपुर पहुंच चुकी हैं और अभ्यास सत्र में हिस्सा ले चुकी हैं। मैच को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है।
दूसरे शहरों से आने वाले दर्शकों की सुविधा के लिए ट्रैफिक रूट चार्ट जारी किया गया है। नया रायपुर क्षेत्र में दोपहर 12 बजे से रात 1 बजे तक मध्यम और भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और जाम की स्थिति न बने।
क्रिकेट संघ की ओर से दर्शकों के लिए कुछ नए नियम लागू किए गए हैं। फर्स्ट इनिंग समाप्त होने के बाद किसी भी दर्शक को स्टेडियम में प्रवेश नहीं मिलेगा। मैच शाम 7 बजे शुरू होगा, जबकि दर्शकों के लिए गेट दोपहर 4 बजे खोल दिए जाएंगे। बिना फिजिकल टिकट के किसी को भी प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 350 से अधिक निजी बाउंसर्स और पुलिस बल तैनात किए गए हैं। स्टेडियम के 13 गेटों पर लोहे की रेलिंग लगाई गई है। सभी प्रवेश द्वारों पर पुलिस, प्राइवेट गार्ड और क्रिकेट संघ के कर्मचारियों की संयुक्त ड्यूटी लगाई गई है।
इस बार टिकटों के दाम 800 रुपये से लेकर 25 हजार रुपये तक रखे गए हैं। कुल 35 हजार टिकट बिक चुके हैं। शुरुआती दिनों में बिक्री धीमी रही, लेकिन बाद में सभी टिकट बिक गए।
पिछले मैच में सुरक्षा में हुई चूक को देखते हुए इस बार विशेष सतर्कता बरती जा रही है। बाउंड्री लाइन पर भी बाउंसर्स की तैनाती की गई है, ताकि कोई दर्शक मैदान में प्रवेश न कर सके।
छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ ने पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर 45 सदस्यों की विशेष टीम बनाई है, जो पूरे आयोजन की निगरानी करेगी। अवैध प्रवेश और अव्यवस्था रोकने के लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं।
टीम इंडिया का नेतृत्व सूर्यकुमार यादव कर रहे हैं, जबकि न्यूजीलैंड टीम की कमान मिचेल सैंटनर के हाथों में है। दोनों टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले की उम्मीद की जा रही है।





