आसमानी आफत: हिमाचल में 535 सड़कें बंद, मनाली-शिमला जाम; श्रीनगर एयरपोर्ट की उड़ानें रद

दिल्ली। उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों पर आसमानी आफत भारी पड़ रही है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हो रही लगातार बर्फबारी ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। जहां एक ओर पर्यटक बर्फ से ढकी वादियों का आनंद उठा रहे हैं, वहीं स्थानीय लोगों के लिए यह बर्फबारी बड़ी मुसीबत बन गई है। कई इलाकों में दो से तीन फुट तक बर्फ जमने से सड़क, बिजली, पानी और संचार जैसी आवश्यक सेवाएं प्रभावित हो गई हैं।

हिमाचल प्रदेश में स्थिति सबसे ज्यादा गंभीर है। राज्य में चार नेशनल हाईवे सहित कुल 535 सड़कें बंद हो गई हैं। मनाली, शिमला, कुल्लू और लाहौल-स्पीति जैसे इलाकों में भारी बर्फबारी के कारण वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। लोक निर्माण विभाग (PWD) ने बताया कि बर्फ हटाने का काम लगातार जारी है, लेकिन दुर्गम इलाकों में राहत कार्य में समय लग रहा है। विभाग के अनुसार बर्फबारी से अब तक करीब छह करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है।

जम्मू-कश्मीर में भी हालात चिंताजनक हैं। मैदानी इलाकों में करीब एक फुट और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में दो से तीन फुट तक बर्फ जम गई है। भूस्खलन, पेड़ गिरने और भारी बर्फ के कारण जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे (NH-44) बंद कर दिया गया है। उधमपुर के जखानी चौक पर भी यातायात रोक दिया गया है। कई इलाकों में तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया है, जिससे ठंड और बढ़ गई है।

बर्फबारी का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा है। खराब मौसम और दिल्ली एयरपोर्ट पर NOTAM लागू होने के कारण श्रीनगर एयरपोर्ट से आने-जाने वाली कई उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों को यात्रा से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जांचने की सलाह दी है।

उत्तराखंड के नैनीताल, उत्तरकाशी और टिहरी गढ़वाल के ऊंचाई वाले इलाकों में भी वाहन और लोग फंस गए हैं। SDRF की टीमें मौके पर राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं। जेसीबी मशीनों से बर्फ हटाकर फंसे यात्रियों को सुरक्षित निकाला जा रहा है। लगातार हो रही बर्फबारी से पहाड़ों में जनजीवन फिलहाल पूरी तरह थम सा गया है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button