सुरों की मलिका आशा भोसले को देशभर से श्रद्धांजलि, पीएम मोदी और अन्य नेताओं ने जताया गहरा दुख

मुंबई। भारतीय संगीत जगत की दिग्गज गायिका आशा भोसले का 92 साल की उम्र में मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन से पूरे देश में शोक की लहर है और संगीत जगत में गहरा सन्नाटा छा गया है।
नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर शोक जताते हुए कहा कि आशा भोसले भारत की सबसे प्रतिष्ठित और बहुमुखी आवाजों में से एक थीं। उनका संगीत सफर दशकों तक चला और उन्होंने लाखों दिलों को छुआ। उन्होंने कहा कि उनके गीत हमेशा लोगों को प्रेरित करते रहेंगे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने भी दुख जताते हुए कहा कि उनके निधन से संगीत जगत में एक बड़ा खालीपन आ गया है। उनकी आवाज और योगदान हमेशा अमर रहेगा।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि यह हर संगीत प्रेमी के लिए बेहद दुखद दिन है। आशा भोसले ने अपनी अनोखी आवाज से भारतीय संगीत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।
वहीं, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी कला हमेशा जीवित रहेगी। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके योगदान को अतुलनीय बताया।
आशा भोसले ने हिंदी समेत कई भाषाओं में हजारों गीत गाए और अपनी आवाज से कई पीढ़ियों को मंत्रमुग्ध किया। उनका जाना भारतीय संगीत के लिए एक अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।





