NASA ने खोजी धरती जैसी एक और दुनिया

मोरक्को की एक ऑब्जर्वेटरी के वैज्ञानिकों ने NASA की सैटेलाइट की मदद से एक ऐसा ग्रह खोजा है, जो कई मायनों में हमारी पृथ्वी से मिलता-जुलता है। इस नए ग्रह का नाम है, TOI-1846 B यह धरती से करीब 154 लाइट ईयर दूर स्थित है।
वैज्ञानिकों के मुताबिक, इस ग्रह का आकार हमारी पृथ्वी से दो गुना बड़ा है, और इसका वजन करीब चार गुना ज्यादा। सबसे दिलचस्प बात ये है कि इस ग्रह पर पानी मिलने की संभावना जताई गई है और जहां पानी है, वहां जीवन की उम्मीद की जा सकती है।
इसकी उम्र लगभग 7 अरब 2 करोड़ साल आंकी गई है, यानी हमारी पृथ्वी से भी पुराना है ये ग्रह। TOI-1846 B को अपने सौरमंडल के तारे का एक चक्कर लगाने में सिर्फ 4 दिन लगते हैं। और यहां का अनुमानित तापमान है 568.1 केल्विन, यानी करीब 295 डिग्री सेल्सियस।
वैसे ये पहला मौका नहीं है जब ऐसा ग्रह खोजा गया हो। इसी साल की शुरुआत में वैज्ञानिकों ने HD 20794 d नाम का एक और सुपर-अर्थ खोजा था। यह धरती से सिर्फ 20 लाइट ईयर दूर है और हमारे ही जैसे एक हैबिटेबल ज़ोन में अपने तारे की परिक्रमा करता है।
इसकी सतह पर भी पानी होने की संभावना है और इसका द्रव्यमान धरती से छह गुना ज्यादा है। हालांकि, दोनों ग्रहों पर जीवन के अस्तित्व को लेकर अभी शोध जारी है।





