मानसिक रूप से बीमार युवक की रहस्यमय मौत, बिना पोस्टमार्टम शव सौंपने पर गांव में हंगामा

बिलासपुर के रतनपुर थाना क्षेत्र के खैरखंडी गांव में एक मानसिक रूप से बीमार युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतक युवक अजय केंवट (25) के शरीर पर चोट के कई निशान थे, लेकिन इसके बावजूद पुलिस ने बिना पोस्टमार्टम शव परिजनों को सौंप दिया। इस बात से गांव में नाराजगी फैल गई और लोगों ने हंगामा कर दिया। हंगामे के बाद पुलिस को शव दोबारा अस्पताल लाकर पोस्टमार्टम कराना पड़ा।

जानकारी के मुताबिक, अजय मानसिक रूप से बीमार था और शनिवार को उसके माता-पिता मजदूरी के लिए बिलासपुर गए हुए थे। उसी दिन सुबह गांववालों ने अजय को बिना कपड़ों के गांव में घूमते हुए देखा। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना कोटवार को दी, जिसने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को बुलाया। साथ ही गांव के पंच और अजय की एक महिला रिश्तेदार को भी मौके पर बुलाया गया।

जब वे पहुंचे तो देखा कि अजय को तेज बुखार था, वह लड़खड़ा रहा था और उसके शरीर पर कई चोटों के निशान थे। 112 की टीम मौके पर तो पहुंची लेकिन उसे अस्पताल नहीं ले गई। उनका कहना था कि इलाज तभी होगा जब परिजन पहले थाने में रिपोर्ट दर्ज कराएं।

कुछ देर बाद अजय की महिला रिश्तेदार ने उसके पिता को जानकारी दी। पिता सुकालू केंवट तुरंत गांव पहुंचे और बेटे को ऑटो से रतनपुर अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने अजय को मृत घोषित कर दिया।

फिलहाल अजय की मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगी। गांव में इस घटना को लेकर आक्रोश है और लोग पुलिस की लापरवाही पर सवाल उठा रहे हैं।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button