मुजफ्फरनगर: गैस गीजर का रिसाव बना काल, नहाने के दौरान महिला की दम घुटने से मौतc

ठंड के मौसम में गर्म पानी का इस्तेमाल आम बात है, लेकिन गीजर की थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा भी साबित हो सकती है. उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से एक हृदय विदारक घटना सामने आई, जहां बाथरूम में लगे गैस गीजर से जहरीली गैस के रिसाव के कारण 35 वर्षीय महिला की दम घुटने से मौत हो गई.

मृतका की पहचान वर्षा बंसल के रूप में हुई, जो हिंदूपुर की निवासी और कॉस्मेटिक व्यापारी गौरव बंसल की पत्नी थीं. घटना शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे की है, जब वर्षा नहाने के लिए बाथरूम में गई थीं. उसी समय उनके पति सैर पर गए हुए थे, जबकि घर में मौजूद बच्चे और उनकी मां सो रहे थे.

करीब एक घंटे बाद जब गौरव घर लौटे और पत्नी बाहर नहीं निकली, तो उन्होंने दरवाजा खटखटाया और आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. घबराए पति ने तुरंत दरवाजा तोड़ दिया. भीतर का दृश्य बेहद भयावह था — वर्षा बाथरूम में अचेत अवस्था में गिरी पड़ी थीं.

परिवार ने बिना देरी किए उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने बताया कि उनकी मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी. प्रारंभिक जांच में सामने आया कि गीजर से निकली कार्बन मोनो ऑक्साइड और कार्बन डाइऑक्साइड जैसी जहरीली गैसें वेंटिलेशन की कमी के कारण बाथरूम में जमा हो गईं, जिससे सांस लेते वक्त गैस महिला के शरीर में प्रवेश कर गई और दम घुट गया.

वर्षा और गौरव के तीन बेटे हैं — 15 वर्षीय राघव, 12 वर्षीय अथर्व और 7 वर्षीय वंश. मां की अचानक मौत के बाद तीनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है.

जिला चिकित्सालय के वरिष्ठ फिजिशियन डॉक्टर योगेंद्र त्रिखा ने इस घटना से सबक लेने की अपील करते हुए कहा कि गैस गीजर का उपयोग करते समय बाथरूम में उचित हवा निकासी और वेंटिलेशन का होना बेहद जरूरी है. बंद स्थान पर गैस का जमाव शरीर में ऑक्सीजन की कमी कर देता है, जो कुछ ही मिनटों में घातक स्थिति पैदा कर सकता है.

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button