बिलासपुर में पूर्व उपसरपंच की हत्या का खुलासा: प्रेम प्रसंग और जमीन विवाद में दो सगे भाई गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के रतनपुर क्षेत्र में पूर्व उपसरपंच सूर्यप्रकाश बघेल की हत्या के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। भैंसाझार जंगल में चार दिन पहले मिली लाश की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। जांच में सामने आया कि प्रेम प्रसंग और जमीन विवाद से जुड़े झगड़े की वजह से दो सगे भाइयों ने मिलकर उनकी हत्या की और शव को जंगल में छुपा दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि कुछ और लोगों की संलिप्तता की आशंका के चलते जांच जारी है।
तीन दिसंबर को सूर्यप्रकाश बघेल जेंजराडीह मुक्तिधाम में निर्माण कार्य देखने पहुंचे थे और वहां से सीमेंट लाने निकले थे। इसके बाद वे घर नहीं लौटे। परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की। उनकी अंतिम मोबाइल लोकेशन भैंसाझार जंगल में मिली, जहां ग्रामीणों की खोजबीन के दौरान पहले बाइक और फिर झाड़ियों में उनका शव मिला। पोस्टमार्टम में पुष्टि हुई कि उनकी हत्या मारपीट कर की गई थी।
जांच में पता चला कि आरोपी रंजीत खाड़े और सुधीर खाड़े का अपने पिता की जमीन को लेकर पूर्व उपसरपंच से पुराना विवाद था। कई बार आर्थिक लेन-देन को लेकर भी झगड़े हुए थे। इसके साथ ही गांव की दो युवतियों से जुड़े प्रेम संबंधों को लेकर भी तनाव बढ़ गया था। विवादों के कारण दोनों भाई तीन महीने पहले गांव छोड़कर भुंडा में रहने लगे और वहीं से हत्या की योजना बनाई।
तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल और मिले इनपुट के आधार पर दोनों भाइयों को भुंडा इलाके से गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। पुलिस को आशंका है कि इस वारदात में कुछ और लोग भी शामिल हो सकते हैं। इस दिशा में जांच आगे बढ़ाई जा रही है। आरोपी युवकों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।





