छत्तीसगढ़ में 2 दिन बाद बदलेगा मौसम: उत्तर-मध्य इलाकों में बादल और हल्की बारिश के आसार, राजनांदगांव में पारा 39°C

छत्तीसगढ़ में तेज गर्मी के बीच मौसम में जल्द बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के उत्तर और मध्य हिस्सों में दो दिन बाद बादल बनने की संभावना है। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है, वहीं गरज-चमक के साथ तेज हवा भी चल सकती है।
पिछले 24 घंटों में प्रदेश का सबसे अधिक तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो दुर्ग और राजनांदगांव में रिकॉर्ड हुआ। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया। फिलहाल प्रदेश में अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री अधिक बना हुआ है और अगले तीन दिनों तक इसमें ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है।
राजधानी रायपुर में सुबह के समय हल्की धुंध रहने के आसार हैं। यहां अधिकतम तापमान लगभग 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल प्रदेश में शुष्क मौसम बना हुआ है, जिससे दिन में गर्मी और सुबह-रात में हल्की ठंड महसूस हो रही है।
दक्षिण झारखंड और उससे लगे उत्तर छत्तीसगढ़ के ऊपर लगभग 1.5 किलोमीटर ऊंचाई पर हवा का चक्रवाती घेरा बना हुआ है। इस कारण वातावरण थोड़ा अस्थिर हो गया है, जिससे आने वाले दिनों में बादल बनने की संभावना बढ़ गई है। हालांकि यह सिस्टम अभी कमजोर है और इसका असर दो से तीन दिन बाद दिखाई दे सकता है।
इसके अलावा एक ट्रफ लाइन भी बनी हुई है, जो ओडिशा के अंदरूनी हिस्सों से होते हुए छत्तीसगढ़, विदर्भ और मराठवाड़ा तक फैली है। यह लगभग 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर सक्रिय है। इसके कारण प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाने, हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी होने की स्थिति बन सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार कुछ इलाकों में दोपहर के बाद लोकल थंडरस्टॉर्म बनने की संभावना है। इसके साथ ही कुछ जगहों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। हालांकि फिलहाल किसी तरह का अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि प्रदेश में अभी दिन के समय गर्मी बढ़ती जा रही है, जबकि सुबह और रात के समय हल्की ठंड का असर बना हुआ है। आने वाले दिनों में तापमान धीरे-धीरे बढ़ने के साथ मौसम में हल्का उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।





