युवा आबादी घटने से सांसद चिंतित, महिलाओं को तीसरा बच्चे करने पर किया गिफ्ट देने का ऐलान

अमरावती। आंध्र प्रदेश के अमरावती से तेदेपा सांसद कालीसेट्टी अप्पाला नायडू ने महिलाओं को तीसरा बच्चा होने पर गिफ्ट देने का वादा किया है। उनका कहना है कि अगर महिला का बच्चा लड़का हुआ तो गाय और लड़की हुई तो 50,000 रुपये दिए जाएंगे। यह राशि वह अपने वेतन से देंगे।

यह घोषणा सांसद ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर एक कार्यक्रम में की, जिससे आंध्र प्रदेश में हलचल मच गई है। तेदेपा के कई नेता, जिसमें मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू भी शामिल हैं, पहले ही युवा आबादी घटने पर चिंता जता चुके हैं और इसे बढ़ाने की बात कर रहे हैं। सांसद अप्पाला नायडू का यह कदम इसी दिशा में एक प्रयास माना जा रहा है।

जनसंख्या वृद्धि के लिए ये प्रोत्साहन राशि

तेदेपा सांसद कालीसेट्टी अप्पाला नायडू ने कहा कि उनका यह कदम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के आह्वान के बाद उठाया गया है। दोनों नेताओं ने जनसंख्या वृद्धि के लिए कदम उठाने और तीसरे बच्चे के लिए प्रोत्साहन देने की बात कही थी। सांसद ने यह भी कहा कि वह 50,000 रुपये का बैंक में फिक्स्ड डिपॉजिट करेंगे, जिससे रकम बेटी की शादी की उम्र तक दस लाख रुपये हो जाएगी।

महिलाओं सांसद के ऐलान के बाद उत्साहित

सांसद अप्पाला नायडू की इस घोषणा को इंटरनेट मीडिया पर तेजी से साझा किया जा रहा है। तेदेपा नेता और कार्यकर्ता इसे पूरे जोरशोर से प्रचारित कर रहे हैं। महिलाओं ने भी इस पेशकश को हाथोंहाथ लिया है और इसे लेकर काफी उत्साहित हैं।

इससे पहले, मार्च में दिल्ली दौरे के दौरान मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने भी चिंता जताई थी कि दक्षिण भारत में उम्रदराज आबादी के कारण कई चुनौतियां बढ़ रही हैं, जबकि उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे राज्यों की जनसंख्या युवा है। मुख्यमंत्री नायडू ने कहा कि अब जनसंख्या नियंत्रण के बजाय दीर्घावधि के जनसंख्या नियोजन की आवश्यकता है। उन्होंने यह भी घोषणा की थी कि सभी महिला कर्मचारियों को प्रसव के समय मातृत्व अवकाश दिया जाएगा, चाहे उनके कितने भी बच्चे हों।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button