आंध्र प्रदेश में चलती बस में लगी आग, 20 यात्री जिंदा जले: बाइक के फ्यूल टैंक से टकराने के बाद भड़की आग, 40 लोग सवार थे

आंध्र प्रदेश के कुर्नूल जिले में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब हैदराबाद से बेंगलुरु जा रही कावेरी ट्रैवल्स की एक प्राइवेट बस में अचानक आग लग गई। हादसे में कम से कम 20 यात्रियों की जलकर मौत हो गई, जबकि 19 लोग किसी तरह कूदकर जान बचाने में सफल रहे। शुरुआती जानकारी के अनुसार यह हादसा सुबह करीब 3:30 बजे एनएच-44 पर चिन्नाटेकुर के पास हुआ।
पुलिस के मुताबिक, बस की टक्कर एक बाइक से हो गई, जो बस के नीचे फंस गई थी। बाइक का फ्यूल टैंक फटने से आग तेजी से फैल गई और पूरी बस कुछ ही मिनटों में जलकर राख हो गई। हादसे में बाइक सवार शिवशंकर की भी मौके पर मौत हो गई। बस में कुल 40 लोग सवार थे, जिनमें ज्यादातर हैदराबाद के यात्री बताए जा रहे हैं।
आग लगने के बाद यात्रियों ने कूदकर बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन शॉर्ट सर्किट के कारण बस का दरवाजा जाम हो गया। कई लोग इमरजेंसी गेट तोड़कर बाहर निकले, पर अधिकांश यात्री नींद में होने के कारण फंस गए। पुलिस ने बताया कि कई शव पूरी तरह जल चुके हैं, जिससे पहचान मुश्किल हो रही है।
फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया गया। सभी घायलों को कुर्नूल के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिला कलेक्टर डॉ. ए. सिरी ने घटनास्थल का दौरा किया और कई हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं, जिनके माध्यम से परिजन जानकारी ले सकते हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है और मृतकों के परिजनों को ₹2 लाख तथा घायलों को ₹50 हजार की आर्थिक सहायता की घोषणा की गई है।
गौरतलब है कि 10 दिन पहले राजस्थान के जैसलमेर में भी ऐसा ही हादसा हुआ था, जब चलती एसी बस में आग लगने से 22 लोगों की मौत हो गई थी।
कुर्नूल का यह हादसा एक बार फिर देश में सड़क सुरक्षा और प्राइवेट बस सेवाओं की निगरानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। पुलिस ने कहा है कि हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है और बस ड्राइवर व क्लीनर लापता हैं।





