एनरिक इग्लेसियस के कॉन्सर्ट में 80 से ज्यादा मोबाइल चोरी, मुंबई पुलिस ने शुरू की जांच

मुंबई। मशहूर स्पैनिश सिंगर और राइटर एनरिक इग्लेसियस के कॉन्सर्ट में म्यूज़िक लवर्स के बीच जहां जबरदस्त उत्साह देखने को मिला, वहीं इस खुशी के माहौल के बीच जेबकतरों ने जमकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) के एमएमआरडीए मैदान में आयोजित इस मेगा कॉन्सर्ट के दौरान 80 से ज्यादा लोगों के मोबाइल फोन चोरी हो गए। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, यह कॉन्सर्ट 29 अक्टूबर को आयोजित किया गया था, जिसमें करीब 25 हजार से अधिक दर्शक पहुंचे थे। भीड़ का फायदा उठाकर चोरों ने एक के बाद एक मोबाइल गायब कर दिए। पुलिस के मुताबिक, अब तक 80 से ज्यादा लोगों ने अपने मोबाइल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कॉन्सर्ट स्थल के आसपास और प्रवेश द्वारों के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। अधिकारियों का कहना है कि इतने बड़े आयोजन में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत थी, लेकिन भारी भीड़ के बीच चोरी की वारदातें रोकना चुनौतीपूर्ण साबित हुआ।

स्पैनिश सिंगर एनरिक इग्लेसियस के भारत आने पर फैंस में गजब का उत्साह था। 13 साल बाद भारत लौटे इस इंटरनेशनल स्टार का यह कॉन्सर्ट पहले दिन ही ‘सोल्ड आउट’ हो गया था। फैंस की भारी डिमांड को देखते हुए आयोजकों को 30 अक्टूबर को दूसरा शो भी आयोजित करना पड़ा। वीआईपी पास की कीमत 14 हजार रुपये और जनरल एंट्री की कीमत 7 हजार रुपये थी।

दोनों दिन एनरिक इग्लेसियस ने अपने मशहूर गानों पर परफॉर्म किया, जिससे दर्शक झूम उठे। बॉलीवुड के कई सितारे भी इस कार्यक्रम में पहुंचे। सिंगर ने खुद सोशल मीडिया पर अपने फैंस के साथ खास लम्हे साझा किए। उन्होंने एक वीडियो भी शेयर किया, जिसमें मुंबई ट्रैफिक में फंसी एक लड़की उन्हें देखकर उत्साहित हो रही थी और सिंगर ने मुस्कुराते हुए उसे ‘हाय’ कहा।

एनरिक इग्लेसियस को ‘किंग ऑफ लैटिन पॉप’ कहा जाता है। उन्होंने इससे पहले 2004 और 2012 में भारत में लाइव कॉन्सर्ट किए थे। इस बार उनके आने को लेकर फैंस में खासा जोश था, लेकिन मोबाइल चोरी की घटनाओं ने इस आयोजन की चमक थोड़ी फीकी कर दी। मुंबई पुलिस ने कहा है कि आरोपियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button