दिल्ली में 7.7 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड जारी, लू से निपटने के लिए अस्पताल पूरी तरह तैयार

दिल्ली में ‘आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना’ के तहत स्वास्थ्य सेवाओं का दायरा लगातार बढ़ रहा है। दिल्ली सरकार के अनुसार अब तक 7 लाख 72 हजार से अधिक आयुष्मान हेल्थ कार्ड जारी किए जा चुके हैं। इनमें ‘वय वंदना योजना’ के तहत वरिष्ठ नागरिकों के लिए भी बड़ी संख्या में कार्ड बनाए गए हैं।

इस योजना के तहत पात्र लोगों को 10 लाख रुपये तक का कैशलेस स्वास्थ्य बीमा कवरेज दिया जा रहा है। इसमें केंद्र सरकार की ओर से 5 लाख रुपये और दिल्ली सरकार की ओर से अतिरिक्त 5 लाख रुपये की सुविधा शामिल है।

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक अब तक 46 हजार से अधिक लोगों को इलाज का लाभ मिल चुका है, जबकि 86 करोड़ रुपये से ज्यादा के क्लेम का निपटारा किया जा चुका है। योजना के तहत दिल्ली में 233 अस्पताल सूचीबद्ध हैं, जिनमें 181 निजी और 52 सरकारी अस्पताल शामिल हैं।

वहीं बढ़ती गर्मी और लू को देखते हुए दिल्ली सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को अलर्ट मोड पर रखा है। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह ने अस्पतालों में तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि राजधानी का स्वास्थ्य तंत्र हर स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।

लोक नायक अस्पताल में लू से प्रभावित मरीजों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। अस्पताल में विशेष बेड, आपातकालीन वार्ड और डिजास्टर वार्ड तैयार रखे गए हैं। साथ ही कूलिंग पैड, ठंडी सलाइन और ओआरएस का पर्याप्त स्टॉक भी उपलब्ध कराया गया है।

सरकार का कहना है कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने तथा लोगों तक बेहतर इलाज पहुंचाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button