“मोर दुआर-सायं सरकार” अभियान से जगी उम्मीदें, धरमलाल कौशिक ने दिलाया पक्के मकान का हक

पथरिया। प्रधानमंत्री आवास योजना 2025-26 के तहत चल रहे “मोर दुआर – सायं सरकार” अभियान के तहत पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने पथरिया विकासखंड के ग्राम बावली और दगोरी का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद किया और पक्के मकान के सपने को साकार करने की दिशा में अहम कदम उठाए।
कार्यक्रम में श्री कौशिक ने पात्र हितग्राहियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। ग्राम बावली की अमरीता बाई विश्वकर्मा और ज्योति देवार समेत कई ऐसे ग्रामीण, जो अब तक आवास योजना से वंचित थे, उनके नाम मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन दर्ज किए गए ताकि उन्हें योजना का लाभ मिल सके।
धरमलाल कौशिक ने कहा कि यह अभियान उन लोगों के लिए एक नई उम्मीद है, जो अब तक कच्चे मकानों में रह रहे हैं और किसी भी सरकारी आवास योजना का लाभ नहीं उठा पाए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता यह होनी चाहिए कि हर गरीब परिवार को पक्का मकान मिले और सभी को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर मिले।
उन्होंने यह भी बताया कि यह महाभियान पूरे छत्तीसगढ़ में जरूरतमंद परिवारों की पहचान कर उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ने का कार्य कर रहा है, जिससे गांव-गांव में विकास की रोशनी पहुंचे।





