मानसून की वापसी तेज, उत्तर भारत में विदाई, पूर्वी राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

दिल्ली।  सप्ताहभर की सुस्ती के बाद मानसून की वापसी फिर तेज हो गई है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं कि बारिश पूरी तरह थम जाएगी। मौसम विभाग (आईएमडी) ने बताया कि सितंबर के अंत तक एक और दौर की बारिश शुरू हो सकता है। गुजरात और राजस्थान के अधिकांश हिस्सों से मानसून विदा हो चुका है, वहीं हरियाणा और पंजाब में भी मौसम शुष्क होने लगा है। जल्द ही दिल्ली और उत्तर प्रदेश के मैदानी इलाकों से भी मानसून की विदाई हो जाएगी।

आईएमडी के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में सक्रिय निम्न दबाव का क्षेत्र तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसके चलते ओडिशा, आंध्र प्रदेश और छत्तीसगढ़ में अगले कुछ दिनों में भारी बारिश की संभावना है। यह प्रणाली पश्चिमी हवाओं को पीछे धकेलकर बिहार, झारखंड और यूपी के मैदानी क्षेत्रों में भी बारिश की वापसी करा सकती है। हालांकि, खरीफ फसलों को इससे नुकसान का खतरा है।

उत्तर-पश्चिम भारत में अब पहाड़ी राज्यों का मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हिमाचल और जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून विदाई की स्थिति में है, लेकिन नमी की कमी के कारण बारिश सीमित होगी। उत्तराखंड में हल्की बारिश जारी रहेगी। पंजाब, हरियाणा और दिल्ली से मानसून पूरी तरह अलविदा कह देगा।

बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो इस बार देशभर में सामान्य से 8% अधिक वर्षा दर्ज की गई। उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में बारिश अधिक रही। उत्तराखंड में 1,299 मिमी वर्षा हुई, जो सामान्य से 22% ज्यादा है। पंजाब में 37% और हरियाणा-हिमाचल में 30-40% अधिक बारिश हुई। वहीं, पूर्वोत्तर भारत में औसतन 18% कम बारिश दर्ज की गई। यूपी में बारिश सामान्य से 4% कम रही, जबकि बिहार में 2% अधिक बारिश हुई।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button