पीएम मोदी कोलकाता में कंबाइंड कमांडर्स कॉन्फ्रेंस का उद्घाटन करेंगे

दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार कोलकाता में 16वीं कंबाइंड कमांडर्स कॉन्फ्रेंस (CCC) का उद्घाटन करेंगे। पीएम रविवार शाम कोलकाता पहुंचे। यह पिछले एक महीने में उनका दूसरा बंगाल दौरा है। सम्मेलन 15 से 17 सितंबर तक सेना की पूर्वी कमान के हेडक्वार्टर फोर्ट विलियम में आयोजित होगा। इस बार की थीम “ईयर ऑफ रिफॉर्म्स – भविष्य के लिए ट्रांसफॉर्मेशन” रखी गई है।
कंबाइंड कमांडर्स कॉन्फ्रेंस भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना का सबसे बड़ा रणनीतिक मंच माना जाता है। इसमें देश की तीनों सेनाओं के प्रमुख, वरिष्ठ अधिकारी और केंद्र सरकार के मंत्री मिलकर राष्ट्रीय सुरक्षा, रक्षा नीतियों और भविष्य की चुनौतियों पर चर्चा करते हैं। इस वर्ष के सम्मेलन में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान और विभिन्न मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।
इस कॉन्फ्रेंस का मुख्य उद्देश्य सेना और सरकार के बीच तालमेल को मजबूत करना है ताकि रक्षा क्षेत्र में सुधार, आधुनिकरण और भविष्य की युद्ध-तैयारी पर एकजुट रणनीति बनाई जा सके। इसमें उभरती तकनीकों, सुरक्षा चुनौतियों और राष्ट्रीय हितों की रक्षा के उपायों पर विशेष रूप से विचार किया जाएगा।
बंगाल के गवर्नर सीवी आनंद बोस ने रविवार को राजभवन में प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया। यह सम्मेलन न केवल सैन्य दृष्टि से बल्कि रणनीतिक नीतियों के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसे देश की सुरक्षा नीति का आधार स्तंभ माना जाता है, जहां सेना और सरकार मिलकर आने वाले समय के लिए ठोस रक्षा रणनीति तैयार करते हैं।





