पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री सुजीत बोस गिरफ्तार, नगर निगम भर्ती घोटाले में ED का बड़ा एक्शन

पश्चिम बंगाल में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने पूर्व मंत्री और तृणमूल कांग्रेस (TMC) के वरिष्ठ नेता सुजीत बोस को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई कथित नगर निगम भर्ती घोटाले की जांच के तहत की गई। करीब 10 घंटे की पूछताछ के बाद ईडी ने उन्हें कोलकाता स्थित सीजीओ कॉम्प्लेक्स से गिरफ्तार किया।
अधिकारियों के मुताबिक, सुजीत बोस पर जांच में सहयोग नहीं करने और पूछताछ के दौरान बयान में विसंगतियां मिलने का आरोप है। बंगाल विधानसभा चुनाव में टीएमसी की हार के बाद गिरफ्तार होने वाले वह पार्टी के पहले बड़े नेता बन गए हैं।
सुजीत बोस ने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत सीपीआई(एम) के युवा संगठन DYFI से की थी। बाद में वह टीएमसी में शामिल हो गए और 2009 के उपचुनाव में पहली बार विधायक बने। इसके बाद वह लगातार तीन बार विधायक रहे और ममता बनर्जी सरकार में अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा मंत्री भी रहे।
ईडी की जांच 2014 से कई नगर निकायों में कथित अवैध भर्ती से जुड़ी है। एजेंसी को शक है कि राज्य की कई नगरपालिकाओं में हजारों नियुक्तियां नियमों के खिलाफ की गईं। जांच के दायरे में कोलकाता और आसपास के कई नगर निकाय शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि इससे पहले भी ईडी सुजीत बोस को कई बार पूछताछ के लिए तलब कर चुकी थी। पिछले साल उनके कार्यालय, करीबी सहयोगियों और अन्य ठिकानों पर भी छापेमारी की गई थी।





