तमिलनाडु विधानसभा में मंत्री एस. कीर्थना नहीं ले सकीं शपथ, निर्वाचन प्रमाणपत्र न होने से रुकी प्रक्रिया

तमिलनाडु में नई सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने कामकाज संभाल लिया है, लेकिन उनकी कैबिनेट की मंत्री एस. कीर्थना सोमवार को विधानसभा में विधायक पद की शपथ नहीं ले सकीं। बताया जा रहा है कि उनके पास जरूरी ‘निर्वाचन प्रमाणपत्र’ मौजूद नहीं था, जिसकी वजह से शपथ प्रक्रिया रोक दी गई।
विधानसभा की कार्यवाही के दौरान जैसे ही प्रधान सचिव के. श्रीनिवासन ने कीर्थना का नाम पुकारा, वह शपथ लेने मंच की ओर बढ़ीं। इसी दौरान उनसे निर्वाचन प्रमाणपत्र मांगा गया, लेकिन वह उसे पेश नहीं कर सकीं। इसके बाद कुछ देर तक दोनों के बीच बातचीत हुई, लेकिन शपथ नहीं हो पाई।
विधानसभा अधिकारियों के मुताबिक, सभी विधायकों को पहले ही निर्देश दिए गए थे कि शपथ के समय निर्वाचन प्रमाणपत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। सरकार की ओर से इसे लेकर प्रेस नोट भी जारी किया गया था।
हालांकि, मंत्री एस. कीर्थना ने कहा है कि वह जल्द ही जरूरी दस्तावेज पेश कर शपथ लेंगी। दूसरी ओर मुख्यमंत्री जोसेफ विजय और बाकी विधायकों ने प्रमाणपत्र दिखाने के बाद सफलतापूर्वक शपथ ली।
बता दें कि एस. कीर्थना शिवकाशी सीट से चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंची हैं। उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार अशोकन जी को 11,670 वोटों से हराया था। वहीं विधानसभा में एक अन्य विधायक आर. कुमार भी गलती से दूसरे विधायक का प्रमाणपत्र ले आए थे, जिसे बाद में सुधार लिया गया।





