यूनीवर्सिटी में आधी रात बवाल: ABVP और लेफ्ट विंग में हिंसक झड़प, कई छात्र घायल

दिल्ली। नई दिल्ली स्थित जवाहर लाल नेहरू यूनीवर्सिटी (जेएनयू) में रविवार देर रात छात्र संगठनों के बीच हिंसक झड़प की खबर सामने आई है।

आरोप है कि वामपंथी विचारधारा से जुड़े कुछ छात्रों ने हथियार, लोहे की रॉड और लाठी-डंडों के साथ एबीवीपी कार्यकर्ताओं पर हमला किया। इस टकराव में कई छात्र गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

अखिल भारतीय विधार्थी परिषद (ABVP) ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि लाइब्रेरी में पढ़ रहे छात्रों को निशाना बनाया गया। संगठन के अनुसार, “यह पॉलिटिक्स नहीं, बल्कि पढ़ने आए छात्रों के खिलाफ कायरतापूर्ण हिंसा है।” ABVP ने दिल्ली पुलिस से तत्काल कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

बताया जा रहा है कि स्कूल ऑफ सोशल साइंसेज परिसर में स्कूल ऑफ बायोटेक्नोलॉजी के छात्र प्रतीक भारद्वाज पर हमला हुआ। आरोप है कि पहले उन पर फायर एक्सटिंग्विशर का पाउडर फेंका गया और फिर बेरहमी से पीटा गया। कुछ छात्र नेताओं ने यह भी दावा किया कि 300-400 नकाबपोश लोगों की भीड़ ने स्टडी रूम में घुसकर छात्रों को बाहर निकाला और कई पर सामूहिक हमला किया।

इस बीच जेएनयू छात्रसंघ (JNUSU) और अन्य संगठनों द्वारा कुलगुरु शांतिश्री डी पंडित के कथित बयान को लेकर विरोध प्रदर्शन जारी है। छात्रसंघ ने ‘समता जुलूस’ निकालकर कुलगुरु से इस्तीफे और जवाबदेही की मांग की।

आरोप है कि यूजीसी के इक्विटी रेगुलेशन को लेकर दिए गए बयान से विश्वविद्यालय की समावेशी परंपरा आहत हुई है।

घटना के समय परिसर में सुरक्षा कर्मियों और पुलिस की मौजूदगी पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। फिलहाल प्रशासन की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार है, जबकि कैंपस में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button