Memorandum: सेमरताल में अवैध शराब बिक्री से महिलाएं परेशान
महिलाओं ने शराब कारोबार बंद कराने लगाई गुहार

ग्राम पंचायत सेमरताल के सूर्यवंशी मोहल्ला वार्ड क्रमांक 14 की महिलाओं ने अवैध शराब बिक्री को लेकर गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। (Memorandum) भीलक्ष्मी समूह निगरानी संगठन सेमरताल की महिलाओं ने शिकायत में कहा है कि मोहल्ले में लंबे समय से अवैध देशी और विदेशी शराब की खुलेआम बिक्री हो रही है, जिससे गांव का माहौल खराब हो गया है। महिलाओं का आरोप है कि सुमन भारती और उसके पति राकेश भारती किराना दुकान की आड़ में सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक शराब बेचते हैं। इसके कारण मोहल्ले में रोज गाली-गलौच, मारपीट और झगड़े की स्थिति बन रही है।
शाम होते ही घर से निकलना मुश्किल (Memorandum)
महिलाओं ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर उन्हें धमकियां दी जाती हैं और कहा जाता है कि पुलिस में पहुंच होने के कारण कोई कार्रवाई नहीं होगी। शिकायत में यह भी कहा गया है कि शराब पौंसरा और बिरकोना स्थित लाइसेंसी दुकानों से लाकर अलग-अलग जगहों पर छिपाई जाती है और बाद में बेची जाती है। महिलाओं के अनुसार शाम 5:30 बजे के बाद शराबियों के कारण घर से निकलना मुश्किल हो जाता है तथा छात्र-छात्राओं का भविष्य भी प्रभावित हो रहा है। महिलाओं ने प्रशासन और पुलिस से तत्काल कार्रवाई कर अवैध शराब बिक्री बंद कराने की मांग की है।





