Politics:मायावती ने बीजेपी सरकारों पर उठाए सवाल, मुसलमानों के साथ सौतेले रवैये का आरोप

Politics:बहुजन समाज पार्टी (BSP) की सुप्रीमो मायावती ने बीजेपी सरकारों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि मुसलमानों के साथ सौतेला रवैया अपनाया जा रहा है। मायावती का यह बयान उत्तर प्रदेश में लाउडस्पीकर के मुद्दे पर आया है, जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश पर मस्जिदों से लाउडस्पीकर हटाए जा रहे हैं। मायावती ने इसे लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी और कहा कि सरकार को सभी धर्मों के मानने वालों के साथ समान व्यवहार करना चाहिए।
मायावती ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखते हुए कहा, “भारत एक धर्मनिरपेक्ष देश है, जो सभी धर्मों का सम्मान करता है। ऐसे में केंद्र और राज्य सरकारों को सभी धर्मों के अनुयायियों के साथ बिना किसी पक्षपाती रवैये के समान व्यवहार करना चाहिए।” उन्होंने कहा कि मुसलमानों के धार्मिक मामलों में इस समय जो सौतेला रवैया अपनाया जा रहा है, वह न्यायसंगत नहीं है।
मायावती ने आगे लिखा कि सभी धर्मों के त्योहारों और पर्वों के संबंध में लागू नियमों और पाबंदियों को भी बिना पक्षपात के समान रूप से लागू किया जाना चाहिए। इससे समाज में शांति और सौहार्द बना रह सकता है। उन्होंने सरकार से इस मामले में गंभीरता से ध्यान देने की अपील की है, क्योंकि इस प्रकार के भेदभाव से समाज में तनाव और असंतोष उत्पन्न हो सकता है।
उधर, उत्तर प्रदेश में लाउडस्पीकर हटाने का मुद्दा गर्माया हुआ है। योगी सरकार ने धार्मिक स्थलों से लाउडस्पीकर हटाने के लिए गाइडलाइंस जारी की हैं और पुलिस ने चेतावनी दी है कि अवैध लाउडस्पीकर लगाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।





