MAUSAM: हिमालय के ऊपर सक्रिय हो रहा तूफान, 17 राज्यों में बारिश का अलर्ट

दिल्ली। देश के पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी का दौर खत्म हो रहा है। जम्मू-कश्मीर में पिछले दो दिनों से बर्फ नहीं गिरी। हालांकि ठंड बरकरार है। सोनमर्ग में पारा सबसे कम -13 डिग्री दर्ज किया गया।
हिमालय के ऊपर एक नया तूफान (पश्चिमी विक्षोभ) सक्रिय हो रहा है, जिससे कई राज्यों में बारिश और ठंड बढ़ सकती है। उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान समेत कई राज्यों में 17 से 20 फरवरी के बीच बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में और भी बदलाव की संभावना है, और नागरिकों को मौसम की स्थिति के अनुसार सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। सिक्किम और हिमालयी पश्चिम बंगाल में लोगों को सुबह के समय घने कोहरे का सामना करना पड़ सकता है।
हिमाचल में शीतलहर का अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने हिमाचल प्रदेश, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में शीतलहर और घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। 15 फरवरी तक इन क्षेत्रों में घना कोहरा देखने को मिल सकता है।
इन राज्यों में बारिश का अलर्ट
- 17 से 20 फरवरी के दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
- हिमाचल प्रदेश में 19 और 20 फरवरी को शीतलहर और बारिश की संभावना है।
- 20 फरवरी को पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश हो सकती है।
- अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, मणिपुर, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल, और सिक्किम में हल्की बारिश के आसार हैं।
पिछले 24 घंटे का मौसम
- उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और उत्तर-पूर्वी राजस्थान में दिन का तापमान 2-5 डिग्री सेल्सियस गिरा है।
- दक्षिणी महाराष्ट्र, बिहार, उत्तरी कर्नाटक, तेलंगाना, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में 1-2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है।
- दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान और गुजरात में तापमान 1-3 डिग्री सेल्सियस बढ़ा है।
रात का तापमान
- पिछले 24 घंटों के दौरान, पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में रात का तापमान 3-6 डिग्री सेल्सियस गिरा।
- राजस्थान और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के कुछ हिस्सों में तापमान 1-3 डिग्री सेल्सियस बढ़ा।





