MAUSAM: उत्तर-पश्चिम में कड़ाके की ठंड, दक्षिण में बारिश का अलर्ट

दिल्ली। दिसंबर की शुरुआत होते ही मौसम ने करवट बदल ली है। उत्तर-पश्चिम भारत में शीतलहर का असर बढ़ने लगा है, जबकि दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार पंजाब, राजस्थान, हरियाणा और उत्तर महाराष्ट्र में ठंडी हवाएँ चलेंगी, जिससे तापमान में और गिरावट होगी। वहीं तमिलनाडु, पुडुचेरी, आंध्र प्रदेश और केरल में अगले 24-48 घंटों के दौरान तेज बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि दिसंबर और जनवरी इस बार ज्यादा सर्द हो सकते हैं। मध्य प्रदेश, उत्तर व पूर्वी महाराष्ट्र, गुजरात, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, पश्चिमी और दक्षिणी यूपी तथा तेलंगाना में दिन और रात के तापमान में सामान्य से अधिक गिरावट रहेगी। इस दौरान 4-5 दिनों तक अतिरिक्त शीतलहर चल सकती है।

 राष्ट्रीय राजधानी में आज से ठंड बढ़ने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 22-24°C और न्यूनतम तापमान 6-9°C तक रह सकता है। सुबह धुंध और कोहरा छाया रहने की संभावना है जबकि दोपहर में हल्की धूप निकलेगी। 4 से 6 दिसंबर तक घना कोहरा और कड़ाके की ठंड लोगों को परेशान कर सकती है। रात का तापमान कुछ इलाकों में 5°C तक आ सकता है।

 
उत्तर प्रदेश में अभी कड़ाके की ठंड नहीं पड़ रही लेकिन सुबह के समय कोहरा बढ़ रहा है। 3 से 8 दिसंबर तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। सुबह हल्का से मध्यम कोहरा जारी रहेगा। रात में ठंड बढ़ रही है, हालांकि IMD ने अभी किसी गंभीर चेतावनी का ऐलान नहीं किया है।

कुल मिलाकर, दिसंबर की शुरुआत ने ही साफ संकेत दे दिए हैं कि आने वाले दिनों में ठंड अपना असर और दिखाएगी। गर्म कपड़ों और सावधानियों की जरूरत बढ़ने वाली है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button