MAUSAM: दिल्ली-UP में बढ़ेगी ठंड, इन राज्यों में बारिश का अनुमान; जानें देशभर का मौसम

दिल्ली। उत्तर भारत में पश्चिम विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम का मिजाज बदल रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कई राज्यों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है।
जम्मू-कश्मीर में 10 फरवरी तक रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। वहीं, हिमाचल प्रदेश में सोमवार दोपहर से मौसम में बदलाव आएगा और बारिश की शुरुआत हो सकती है। उत्तराखंड में भी बारिश होने का अनुमान है। इन राज्यों में तापमान में गिरावट हो सकती है और बर्फबारी के चलते पहाड़ी इलाकों में ठंड बढ़ने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश में बादल छाए
उत्तर प्रदेश में पश्चिम विक्षोभ का असर दिख रहा है, जिससे राज्य के अधिकांश जिलों में बादल छाए रहेंगे। मौसम विशेषज्ञ मो. दानिश ने बताया कि बुधवार सुबह हल्का कोहरा या धुंध रह सकती है, लेकिन दोपहर में धूप निकलेगी। आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में वृद्धि हो सकती है।
बिहार में मौसम रहेगा शुष्क
बिहार में मौसम शुष्क रहेगा और ठंड में हल्की वृद्धि होने की संभावना है। उत्तरी बिहार के कई जिलों में हल्का से मध्यम कोहरा छा सकता है।
पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी का अनुमान
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में पश्चिम विक्षोभ के कारण बर्फबारी और बारिश हो सकती है। स्काईमेट के अनुसार, गिलगित-बाल्टिस्तान, लद्दाख, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना है। पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में भी मौसम में बदलाव के संकेत हैं। इन राज्यों में आज बारिश हो सकती है।