बीजापुर के जंगल में माओवादी आईईडी विस्फोट, ग्रामीण गंभीर रूप से घायल

बीजापुर जिले के लंकापल्ली क्षेत्र के जंगल में माओवादियों द्वारा लगाए गए प्रेशर आईईडी की चपेट में आने से एक ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। विस्फोट के कारण युवक के पैर में गंभीर चोट आई और उसकी एड़ी टूटकर अलग हो गई।
घायल की पहचान राजू मोडियामी (30 वर्ष) के रूप में हुई है, जो जंगल की ओर जा रहा था। इसी दौरान अचानक जोरदार धमाका हुआ और वह विस्फोट की चपेट में आ गया। धमाका इतना तेज था कि उसके दाहिने पैर की एड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना के बावजूद राजू मोडियामी ने हिम्मत नहीं हारी और घायल अवस्था में करीब सात किलोमीटर तक लंगड़ाते हुए जंगल से बाहर निकला। बाद में ग्रामीणों की मदद से उसे ईलमिड़ी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल बीजापुर रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे और इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। सुरक्षाबलों द्वारा आसपास के जंगल क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है, ताकि किसी अन्य विस्फोटक की मौजूदगी का पता लगाया जा सके।
प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे जंगल क्षेत्र में जाते समय सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध वस्तु की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।





