CM resigned : मणिपुर के मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने दिया इस्तीफा, हिंसा और जनहानि पर मांगी माफी

CM resigned :मणिपुर के मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने रविवार शाम को अपना इस्तीफा गवर्नर को सौंप दिया। इस इस्तीफे के बाद राज्य में नए मुख्यमंत्री के चयन पर फैसला एक-दो दिन के भीतर लिया जाएगा।
बीरेन सिंह पर राज्य में पिछले 21 महीने से जारी हिंसा के कारण काफी दबाव था। विपक्षी दलों ने भी लगातार NDA से इस मुद्दे पर सवाल उठाए थे।
सूत्रों के अनुसार, गवर्नर ने अभी तक बीरेन सिंह से कार्यवाहक मुख्यमंत्री के रूप में पद संभालने को कहा है।
बीरेन सिंह ने अपना इस्तीफा देने से पहले रविवार सुबह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से दिल्ली में मुलाकात की थी।
एक महीने पहले, मणिपुर में हिंसा के कारण हुई जनहानि पर मुख्यमंत्री बीरेन सिंह ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी थी। उन्होंने कहा था, “मुझे माफ करें, यह साल बहुत दुर्भाग्यपूर्ण था और इस पर मुझे गहरा दुख है। 3 मई 2023 से जो भी घटनाएं हुईं, उसके लिए मैं मणिपुर के लोगों से माफी मांगता हूं।”
बीरेन सिंह ने मणिपुर सचिवालय में मीडिया से बात करते हुए कहा कि राज्य में कई लोग अपने प्रियजनों को खो चुके हैं और कई परिवारों को अपने घर छोड़ने पड़े हैं। इसके लिए वह दिल से माफी चाहते हैं।
मणिपुर में 3 मई 2023 से कुकी और मैतेई समुदायों के बीच हिंसा जारी रही है। यह संघर्ष अब 600 दिन से ज्यादा का हो चुका है।
बीरेन सिंह ने बताया, “मणिपुर में मई 2023 से अक्टूबर 2023 तक गोलीबारी की 408 घटनाएं दर्ज की गईं। नवंबर 2023 से अप्रैल 2024 तक 345 घटनाएं हुईं। मई 2024 से अब तक 112 घटनाएं सामने आई हैं।”
हालांकि, पिछले महीने से राज्य में शांति कायम रही है और हिंसा की कोई बड़ी घटना नहीं हुई। लोग सड़क पर प्रदर्शन करने के लिए भी नहीं उतरे हैं। सरकारी दफ्तर रोजाना खुल रहे हैं, और स्कूलों में बच्चों की संख्या भी बढ़ रही है।