ग्राम बांधा में पीएम आवास योजना में बड़ा फर्जीवाड़ा, ग्रामीणों ने की सख्त कार्रवाई की मांग

बिलासपुर: तखतपुर विकासखंड के ग्राम बांधा से प्रधानमंत्री आवास योजना में बड़े फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। यहां ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि जिन लोगों के नाम पर आवास स्वीकृत हुए, उन पैसों का भुगतान किसी और को कर दिया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि यह गलती नहीं, बल्कि कर्मचारियों और अधिकारियों की मिलीभगत का नतीजा है। इस गड़बड़ी के शिकार सिर्फ एक-दो नहीं, बल्कि 11 से ज़्यादा लोग हुए हैं। कुछ मामलों में तो पात्र लाभार्थी का नाम हटाकर किसी और के नाम पर आवास की स्वीकृति करा दी गई है।
ग्रामीणों ने इस फर्जीवाड़े की शिकायत की और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इस मामले में जिला पंचायत के सीईओ ने जांच के आदेश दिए हैं। उनका कहना है कि यह एक गंभीर मामला है और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने माना कि आधा दर्जन से ज़्यादा ऐसे मामले सामने आए हैं, जहां योजना की राशि गलत व्यक्ति के खाते में डाल दी गई।
ग्रामीणों का कहना है कि आवास योजना के नाम पर सक्रिय फर्जीवाड़ा करने वाला एक गिरोह काम कर रहा है। अब सभी की निगाहें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं।
ग्रामीणों की मांग:
दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो
असली लाभार्थियों को जल्द पैसा मिले
ऐसी घटनाएं दोबारा न हो, इसके लिए सख्त निगरानी व्यवस्था बने
यह मामला यह साफ करता है कि ग्रामीण योजनाओं में पारदर्शिता और निगरानी की कितनी जरूरत है।





