शनिचरी रपटा में नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, 40 से ज्यादा अवैध शेड ढहाए

बिलासपुर। शहर के शनिचरी रपटा क्षेत्र में रविवार को नगर निगम ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। निगम की टीम ने दारू भट्टी रोड के पास बने 40 से ज्यादा अवैध शेडों को जेसीबी की मदद से तोड़ दिया।
इन शेडों में लंबे समय से दुकानदारों ने कब्जा कर रखा था और वहां व्यापार कर रहे थे। राहगीरों और आसपास के लोगों को काफी परेशानी हो रही थी। निगम को इसको लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं।
कार्रवाई के दौरान कब्जाधारियों और निगम अधिकारियों के बीच बहस और हंगामा भी हुआ, लेकिन निगम की टीम ने कार्रवाई नहीं रोकी।
नगर निगम के अनुसार, यह इलाका कई सालों से अवैध कब्जे का अड्डा बना हुआ था। आने-जाने वालों को तंग रास्तों से गुजरना पड़ता था। अब रास्ता साफ हो गया है और लोगों को राहत मिलेगी।
निगम ने साफ कर दिया है कि शहर में अतिक्रमण के खिलाफ ऐसी सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।





