महासमुंद: श्रमिक श्यामलाल को मिला पंजीयन प्रमाण पत्र, अब योजनाओं का मिलेगा लाभ

महासमुंद जिले के ग्राम लोहारडीह निवासी श्यामलाल लोहार को श्रमिक पंजीयन प्रमाण पत्र प्रदान किया गया है। यह प्रमाण पत्र उन्हें छत्तीसगढ़ शासन के सुशासन तिहार कार्यक्रम के अंतर्गत दिया गया। इस पहल का उद्देश्य है कि सभी पात्र श्रमिकों को शासन की योजनाओं का लाभ पारदर्शी और प्रभावी तरीके से मिले।
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के मार्गदर्शन में श्रम विभाग ने श्यामलाल के आवेदन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उनका पंजीयन स्वीकृत किया। 1 मई को श्रम अधिकारी डी. एन. पात्र ने उन्हें महासमुंद स्थित कार्यालय में प्रमाण पत्र सौंपा।
प्रमाण पत्र मिलने के बाद श्यामलाल ने शासन और प्रशासन के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि अब वे भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल की योजनाओं जैसे शिक्षा सहायता, चिकित्सा सहायता, मातृत्व लाभ, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, उपकरण सहायता और आवास सहायता का लाभ आसानी से ले सकेंगे।
यह कदम शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को ज़मीनी स्तर तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो रहा है, जिससे श्रमिकों को बेहतर सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा मिल सकेगी।





