महाराष्ट्र में कानून-व्यवस्था पर सख्त हुए सीएम फडणवीस, संवेदनशील मामलों में तेजी से जांच के निर्देश

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राज्य में कानून-व्यवस्था को लेकर एक बड़ी बैठक की। इस बैठक में नासिक धर्मांतरण, खरात मामला, परतवाड़ा शोषण केस और गोरेगांव ड्रग्स नेटवर्क जैसे अहम मामलों की समीक्षा की गई।
सीएम ने अधिकारियों को साफ कहा कि इन मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि जांच तेज, पारदर्शी और परिणाम देने वाली होनी चाहिए।
खरात मामले में उन्होंने कहा कि पीड़ितों का भरोसा सबसे जरूरी है और दोषियों को सजा दिलाने के लिए मजबूत सबूत जुटाए जाएं। नासिक धर्मांतरण केस में हर पहलू से गहराई से जांच करने के निर्देश दिए गए।
परतवाड़ा मामले में सीएम ने कहा कि पीड़ितों को भरोसा दिलाकर सामने लाया जाए, ताकि वे बिना डर के अपनी बात रख सकें। वहीं गोरेगांव ड्रग्स केस को लेकर उन्होंने इसे युवाओं के भविष्य से जुड़ा बड़ा खतरा बताया और पूरे नेटवर्क को खत्म करने के लिए सख्त कार्रवाई के आदेश दिए।
बैठक के अंत में मुख्यमंत्री ने साफ संदेश दिया कि कानून का डर बना रहना चाहिए और जनता का न्याय पर भरोसा भी मजबूत होना चाहिए।





