MAHAKUMBH: महाकुंभ में 42 करोड़ श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाई; प्रयागराज में इमरजेंसी क्राउड मैनेजमेंट प्लान लागू

प्रयागराज। महाकुंभ का 28वां दिन है और इस विशाल धार्मिक आयोजन में अब तक 42 करोड़ श्रद्धालुओं ने संगम में डुबकी लगाई है। आज सुबह 8 बजे तक 57 लाख से ज्यादा लोग स्नान कर चुके हैं।
संगम पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ लगी हुई है और सुरक्षा के मद्देनजर उन्हें रुकने की अनुमति नहीं दी जा रही है। प्रयागराज शहर में आज पूरे दिन जाम की स्थिति बनी रही। यात्रियों की बढ़ती संख्या को नियंत्रित करने के लिए इमरजेंसी क्राउड मैनेजमेंट प्लान लागू कर दिया गया है, जिसके तहत यात्रियों को सिटी साइड से स्टेशन में प्रवेश करने की व्यवस्था की गई है।
महाकुंभ जा रही ट्रेनों में भी भारी भीड़
महाकुंभ के लिए जा रही ट्रेनों में भारी भीड़ देखी जा रही है। वाराणसी में जगह न मिलने पर महिलाएं ट्रेन के इंजन में घुस गईं और गेट बंद कर लिया। पुलिस ने किसी तरह से महिलाओं को बाहर निकाला। वहीं, हरदोई में भी श्रद्धालुओं ने ट्रेन के कोच का गेट न खोलने पर हंगामा किया और जमकर तोड़फोड़ की।
आज कई प्रमुख नेता करेंगे डुबकी
आज उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार महाकुंभ में डुबकी लगाएंगे। कल, 1.22 करोड़ श्रद्धालुओं ने संगम में स्नान किया। शनिवार को राजस्थान के भजनलाल शर्मा और मध्य प्रदेश के मोहन यादव ने संगम में एक साथ स्नान किया। आधी रात को अखिलेश यादव ने महाकुंभ से लौटने और वहां जाने वाले श्रद्धालुओं से मुलाकात की। उनका कहना था कि प्रशासन को इस स्थिति में और सुधार की जरूरत है।
आज राष्ट्रपति की भी महाकुंभ में आगमन
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु सोमवार को महाकुंभ में शामिल होंगी। वह संगम में स्नान करेंगी और इसके बाद फ्लोटिंग जेटी पर पूजा करेंगी। उनका प्रयागराज पहुंचने का समय सुबह 11 बजे का है और शाम तक उनका कार्यक्रम रहेगा।
महाकुंभ में VVIP लोगों का जमावड़ा, देखिए लिस्ट
- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी।
- केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत
- कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार
- उत्तराखंड की विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण
- गुजरात विधानसभा अध्यक्ष शंकरभाई चौधरी
- मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह
- बिहार सरकार के लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री नीरज सिंह
- बिहार सरकार के समाज कल्याण मंत्री मदन सहानी
- महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुल्ले
- उत्तर प्रदेश के राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड