महादेव ऐप पर फिर बवाल, भूपेश बघेल ने बीजेपी सरकार पर साधा निशाना

रायपुर। छत्तीसगढ़ में महादेव बेटिंग ऐप को लेकर एक बार फिर सियासी हलचल तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर ऐप के विज्ञापनों के स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए बीजेपी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।
बघेल ने लिखा – “ईडी और सीबीआई साहब, देखिए महादेव ऑनलाइन सट्टा खुलेआम चल रहा है। राजनीतिक संरक्षण इतना है कि अब फेसबुक पर भी इसके विज्ञापन आ रहे हैं। आज मेरे एक साथी को यह विज्ञापन फेसबुक पर दिखा। तो अब संरक्षण कौन दे रहा है – केंद्रीय गृहमंत्री या छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री? कार्रवाई होगी या सिर्फ बयानबाजी?”
पोस्ट में बघेल ने अन्य सट्टा ऐप्स के विज्ञापन भी जोड़े।
क्या है मामला?
महादेव बेटिंग ऐप की जांच अक्टूबर 2022 में कांग्रेस शासन के दौरान शुरू हुई थी। ईडी ने दुर्ग, रायपुर और बिलासपुर में छापे मारकर करीब 6,000 करोड़ रुपये के घोटाले का खुलासा किया था। जनवरी 2024 तक 80 लोगों की गिरफ्तारी और लगभग 600 पर कार्रवाई हो चुकी है। जांच में घोटाले के तार दुबई तक मिलने की बात सामने आई थी।
इस मामले में भूपेश बघेल पर 508 करोड़ रुपये लेने का आरोप लगा था, जिसे उन्होंने सिरे से खारिज किया है। अब विज्ञापनों के सामने आने के बाद इस मुद्दे पर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप फिर से तेज होने के आसार हैं।





