रिश्वत केआरोप में निलंबित हुए लेखपाल ने खाया जहर, मौत

हापुड़।  उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले की धौलाना तहसील में तैनात निलंबित लेखपाल सुभाष मीणा की गुरुवार सुबह वैशाली के मैक्स अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। उन्होंने बुधवार को जहरीला पदार्थ खा लिया था, जिसके बाद उनकी हालत बिगड़ गई थी।

लेखपाल के चालक शाहिद के अनुसार, बुधवार सुबह वे मेरठ के सरधना से धौलाना की ओर आ रहे थे। रास्ते में पिलखुवा में किसी व्यक्ति से मुलाकात की और फिर तहसील पहुंचे। वहां सुभाष मीणा ने पानी पिया और तहसीलदार से मिलने चले गए। चालक को लेखपाल की हरकतों पर शक हुआ और उसने अन्य लेखपालों को जानकारी दी। जब लेखपाल उन्हें खोजने पहुंचे, तो वे नायब तहसीलदार के कार्यालय में उल्टी करते हुए पाए गए। उन्हें तुरंत रामा अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत बिगड़ने पर मैक्स अस्पताल रेफर किया गया।

कलेक्टर पहुंचे अस्पताल

कलेक्टर अभिषेक पांडेय ने बुधवार रात अस्पताल जाकर लेखपाल की स्थिति जानी और परिजनों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। बता दें कि 3 जून को डीएम जन चौपाल में शिकायतकर्ता भूपेंद्र ने सुभाष मीणा पर रिश्वत लेने का आरोप लगाया था, जिसके बाद डीएम ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया था।

सूत्रों के अनुसार, शिकायतकर्ता भूपेंद्र ने शिकायत वापस लेने के बदले 5 लाख रुपये की मांग की थी, लेकिन मीणा ने रकम देने से इनकार कर दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। इस घटना से तहसील परिसर और प्रशासनिक अमले में शोक और चिंता का माहौल है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button