ब्राजील में संगठित अपराध पर सबसे बड़ा पुलिस ऑपरेशन, 80 से ज्यादा की मौत

ब्राजील के रियो डी जेनेरियो में अपराधियों और ड्रग तस्करों के खिलाफ पुलिस ने अब तक का सबसे बड़ा अभियान चलाया है। ‘ऑपरेशन कंटेनमेंट’ नामक इस अभियान में 80 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि चार पुलिसकर्मी भी मारे गए हैं। इस अभियान का उद्देश्य संगठित अपराध और ड्रग माफिया को खत्म करना था।
राज्य के गवर्नर क्लाउडियो कास्त्रो ने बताया कि इस अभियान में लगभग 2,500 सुरक्षा अधिकारी शामिल थे, जिनमें से कई बख्तरबंद वाहनों और हेलीकॉप्टरों से लैस थे। कास्त्रो ने कहा कि पुलिस ने 250 से अधिक गिरफ्तारी और तलाशी वारंट जारी किए हैं, जबकि 81 लोगों को हिरासत में लिया गया है और भारी मात्रा में हथियार जब्त किए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार, अभियान के दौरान 42 राइफलें बरामद की गई हैं।
यह ऑपरेशन खास तौर पर कुख्यात गैंग कोमांडो वर्मेलो (Comando Vermelho) के खिलाफ चलाया गया, जो ड्रग तस्करी, फिरौती और हत्याओं के लिए बदनाम है। इस गैंग का प्रभाव रियो डी जेनेरियो के बाहरी इलाकों में तेजी से बढ़ रहा था। अभियान का मुख्य केंद्र अलेमाओ और पेन्हा फेवेला परिसर रहा, जो गरीब और घनी आबादी वाले क्षेत्र हैं।
गवर्नर कास्त्रो ने सोशल मीडिया पर लिखा कि इस अभियान का उद्देश्य “कोमांडो वर्मेलो के क्षेत्रीय विस्तार को रोकना और आपराधिक नेटवर्क के नेताओं को पकड़ना” है। उन्होंने अपने बयान में कहा, “हम एक शांत और अपराधमुक्त रियो चाहते हैं। जब तक जनता सुरक्षित नहीं होगी, हमारी लड़ाई जारी रहेगी।”
यह अभियान ऐसे समय में चलाया गया है जब अगले हफ्ते रियो में C40 विश्व महापौर शिखर सम्मेलन आयोजित होना है। इसे देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने राजधानी में अपराध नेटवर्क को कमजोर करने के लिए यह कार्रवाई तेज कर दी।
हालांकि, अभियान में बड़ी संख्या में नागरिकों की मौत पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सवाल उठने लगे हैं। मानवाधिकार संगठनों ने पुलिस की कार्रवाई को अत्यधिक हिंसक बताया है और जांच की मांग की है। बावजूद इसके, ब्राजील सरकार का कहना है कि देश से अपराध और ड्रग तस्करी खत्म करने के लिए ऐसे कठोर कदम जरूरी हैं।





