हिमाचल में लैंडस्लाइड, यूपी-बिहार में बाढ़ का कहर: दो दिन में 16 की मौत, सैकड़ों मकान ढहे

दिल्ली। देश के कई राज्यों में भारी बारिश और बाढ़ ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के दवाड़ा में बुधवार को चंडीगढ़-मनाली फोरलेन पर भूस्खलन हुआ, जिससे फ्लाइओवर पर दरारें आ गईं। राज्य में 533 सड़कें बंद हो गई हैं, जिनमें मंडी-मनाली और चंडीगढ़-शिमला फोरलेन भी शामिल हैं।
उधर, उत्तर प्रदेश में लगातार बारिश से गंगा, सरयू और शारदा जैसी नदियां उफान पर हैं। प्रयागराज, वाराणसी समेत 24 जिलों के 1,245 गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। अब तक 360 मकान ढह चुके हैं और दो दिन में 16 लोगों की जान जा चुकी है। फर्रुखाबाद में गंगा किनारे एक मकान 10 सेकेंड में नदी में समा गया। अयोध्या में सरयू नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है और 48 गांवों पर संकट मंडरा रहा है।
बिहार में भी हालात गंभीर हैं। गंगा और सोन नदियां उफान पर हैं और पटना के घाटों तक पानी पहुंच गया है। मौसम विभाग ने बिहार-झारखंड समेत 12 राज्यों में ऑरेंज और उत्तराखंड-हिमाचल सहित 11 राज्यों में येलो अलर्ट जारी किया है। उत्तराखंड के बद्रीनाथ हाईवे पर मलबा गिरने से मार्ग बंद है। मध्य प्रदेश में बारिश थमने के बाद गर्मी बढ़ी है, जबकि हरियाणा और पंजाब में बारिश के चलते नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है। कई राज्यों में अगले 3 दिन तक अलर्ट जारी है।





