तालाब निर्माण में ज़मीन गई, मुआवज़ा अब तक नहीं मिला – किसानों की प्रशासन से गुहार, न्यायालय जाने की चेतावनी

बिलासपुर।ग्राम पंचायत पोड़ी के किसानों ने एक बार फिर बांधा तालाब निर्माण को लेकर मुआवज़े की मांग उठाई है। किसानों का आरोप है कि करीब 15 साल पहले सिंचाई विभाग ने तालाब के लिए उनकी खेती की जमीन अधिग्रहित की थी, लेकिन आज तक उन्हें एक रुपया मुआवज़ा भी नहीं मिला।
किसानों का कहना है कि वे पिछले कई सालों से सिंचाई विभाग, तहसील कार्यालय, एसडीएम और कलेक्टर से लगातार शिकायत कर रहे हैं, लेकिन हर बार उन्हें सिर्फ आश्वासन मिला, कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों ने अब प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि 15 दिनों के भीतर उचित मुआवज़ा नहीं मिला, तो वे मजबूर होकर उच्च अधिकारियों से लेकर न्यायालय तक जाने को बाध्य होंगे।
उन्होंने प्रशासन पर उदासीन रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह गरीब किसानों के साथ खुला अन्याय है। किसानों की मांग है कि उन्हें जल्द से जल्द उनकी जमीन का उचित और समयानुकूल मुआवज़ा दिया जाए, ताकि वे अपने परिवार का भरण-पोषण कर सकें।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस मांग पर क्या कदम उठाता है, या फिर किसान न्याय के लिए कोर्ट का रास्ता अपनाएंगे।





