कोंडागांव बना सोलर ऊर्जा में मिसाल, 500 घरों में लगे रूफटॉप सोलर प्लांट

कोंडागांव। जिला नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के तहत कोंडागांव जिले ने बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए 500 घरों में रूफटॉप सोलर संयंत्र लगाने का लक्ष्य पूरा कर लिया है। इस उपलब्धि के साथ कोंडागांव पूरे छत्तीसगढ़ में अग्रणी जिलों में शामिल हो गया है।
अब तक जिले में 426 सोलर संयंत्रों को बिजली ग्रिड से जोड़ा जा चुका है, जबकि बाकी संयंत्रों का काम तेजी से पूरा किया जा रहा है। इससे बड़ी संख्या में लोग सीधे सौर ऊर्जा का लाभ उठा रहे हैं और उनके बिजली बिल में भी कमी आ रही है।
इस सफलता के पीछे कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना का मार्गदर्शन और जिला प्रशासन की लगातार निगरानी अहम रही है। उनके निर्देश पर नियमित समीक्षा की गई और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाया गया। साथ ही, जनजागरूकता शिविरों के जरिए आम लोगों को योजना की जानकारी दी गई, जिससे अधिक से अधिक लोग इससे जुड़ सके।
जिला प्रशासन ने यह भी सुनिश्चित किया कि पात्र लोगों को आसानी से सब्सिडी मिले और पूरी प्रक्रिया सरल व पारदर्शी रहे। बिजली विभाग की तकनीकी टीम और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से यह अभियान सफल हो पाया।
सोलर ऊर्जा के उपयोग से न केवल लोगों का खर्च कम हुआ है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और कार्बन उत्सर्जन में कमी जैसे सकारात्मक प्रभाव भी सामने आए हैं। जिला प्रशासन का कहना है कि आने वाले समय में इस पहल को और आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि कोंडागांव को छत्तीसगढ़ का अग्रणी सोलर जिला बनाया जा सके।





