किआ कैरेंस क्लाविस इलेक्ट्रिक कार जल्द भारत में होगी लॉन्च, क्रेटा को कड़ी टक्कर

नई दिल्ली :भारतीय इलेक्ट्रिक वाहन (EV) मार्केट में किआ इंडिया अपनी नई 7-सीटर इलेक्ट्रिक कार कैरेंस क्लाविस EV लेकर आ रही है। यह कार कंपनी की पहली थ्री रो वाली और लोकली बनी इलेक्ट्रिक कार होगी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, किआ इस कार को 15 जुलाई को पेश कर सकती है और अगस्त में इसकी कीमत भी घोषित हो सकती है।

किआ कैरेंस क्लाविस इलेक्ट्रिक कार में कई बैटरी पैक और वेरिएंट मिलने की संभावना है। इस कार में हाई-टेक फीचर्स का भंडार होगा, जैसे डुअल डिजिटल डिस्प्ले, डुअल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, लेवल-2 ADAS, कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी, बॉस मोड, V2L (व्हीकल टू लोड), V2X और फुल LED लाइटिंग पैकेज। इसके अतिरिक्त, पैनोरमिक सनरूफ, 8-स्पीकर बोस साउंड सिस्टम, इलेक्ट्रिक एडजस्टेबल ड्राइवर सीट, वेंटिलेटेड फ्रंट सीटें और पैडल शिफ्टर्स भी कार में शामिल हो सकते हैं।

यह कार मुख्य रूप से हुंडई क्रेटा इलेक्ट्रिक को टक्कर देने के लिए बाजार में उतारी जाएगी। क्रेटा EV 42kWh और 51.5kWh बैटरी ऑप्शन के साथ आती है, जिनकी रेंज क्रमशः 390 किमी और 473 किमी है। इसके मोटर आउटपुट 133bhp और 169bhp के बीच है। किआ कैरेंस क्लाविस भी इसी तरह की बैटरी और मोटर विकल्पों के साथ आ सकती है।

मार्केट में यह कार मारुति ई-विटारा, टाटा कर्व EV, MG ZS EV, महिंद्रा BE6 और होंडा-टोयोटा जैसी ब्रांड्स के आगामी इलेक्ट्रिक मॉडल्स के साथ मुकाबला करेगी। कैरेंस क्लाविस को 8 मोनोटोन रंगों में लॉन्च किया जाएगा, जिनमें ग्रेविटी ग्रे, ऑरोरा ब्लैक पर्ल, ग्लेशियर व्हाइट पर्ल, क्लियर व्हाइट, इंपीरियल ब्लू, प्यूटर ऑलिव, आइवरी सिल्वर ग्लॉस और स्पार्कलिंग सिल्वर शामिल हैं।

इस नई इलेक्ट्रिक एमपीवी के आने से भारतीय EV बाजार में हलचल मचने की उम्मीद है और यह क्रेटा की बाजार पकड़ को चुनौती दे सकती है। किआ का यह कदम EV सेगमेंट को और प्रतिस्पर्धात्मक बनाएगा और ग्राहकों के लिए बेहतर विकल्प उपलब्ध कराएगा।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button