छत्तीसगढ़ में आज खड़गे की ‘किसान, जवान, संविधान’ रैली: रायपुर में कांग्रेस दिखाएगी ताकत

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आज कांग्रेस शक्तिप्रदर्शन करेगी। आज रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ‘किसान, जवान, संविधान’ रैली को संबोधित करेंगे। यह रैली छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की रणनीति और संगठनात्मक शक्ति का प्रदर्शन मानी जा रही है।
खड़गे दिल्ली से विशेष विमान द्वारा रायपुर पहुंचेंगे और दोपहर करीब 1:15 बजे सभा स्थल पर पहुंचेंगे। इसके बाद वे प्रदेश कांग्रेस के मुख्यालय राजीव भवन में 3 बजे राजनीतिक समिति और प्रदेश कार्यसमिति की बैठक लेंगे। इस एक दिवसीय दौरे के बाद वे शाम को रायपुर से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।
यह आंदोलन की शुरुआत
रैली से पहले तैयारियों का जायजा, पायलट बोले- यह सिर्फ सभा नहीं आंदोलन की शुरुआत रविवार को रैली की तैयारियों का जायजा लेने के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट रायपुर पहुंचे। उन्होंने सभा स्थल का निरीक्षण किया और मीडिया से बातचीत में कहा, “यह सभा सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोकतंत्र और संविधान को बचाने का एक कदम है।”
पायलट ने कहा कि बरसात के बावजूद कार्यकर्ताओं में उत्साह है और मल्लिकार्जुन खड़गे की मौजूदगी से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा आएगी। उनके साथ पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, और पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव भी मौजूद रहे।
कांग्रेस तय करेगी आगे की रणनीति
पायलट ने यह भी कहा कि रैली और बैठकों के माध्यम से कांग्रेस यह तय करेगी कि प्रदेश में पार्टी की दिशा क्या होगी। उन्होंने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था चरमराई हुई है और जनता हर मोर्चे पर परेशान है। “सरकार को घेरने की नई रणनीति तैयार की जाएगी,” – पायलट ने कहा। यह रैली कांग्रेस के संगठनात्मक पुनर्गठन और आगामी रणनीतिक आंदोलनों की भूमिका तय करने वाला बड़ा आयोजन मानी जा रही है।





