शराब घोटाला केस में केजरीवाल पहुंचे दिल्ली हाईकोर्ट, CBI की याचिका पर आज सुनवाई

नई दिल्ली। कथित शराब घोटाला मामले में आम आदमी पार्टी के संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल दिल्ली हाईकोर्ट पहुंच गए हैं। निचली अदालत द्वारा दोषमुक्त किए जाने के फैसले को CBI ने हाईकोर्ट में चुनौती दी है, जिस पर आज जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा की कोर्ट में सुनवाई होगी।
केजरीवाल के साथ उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल भी कोर्ट पहुंची हैं। जानकारी के मुताबिक, केजरीवाल खुद कोर्ट में अपनी दलील पेश कर सकते हैं।
रिक्यूज़ल की मांग
इस मामले में केजरीवाल और अन्य आरोपियों ने जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा से सुनवाई से हटने (रिक्यूज़ल) की मांग की है। इससे पहले भी उन्होंने मुख्य न्यायाधीश डी.के. उपाध्याय के सामने मामले को दूसरी बेंच में ट्रांसफर करने की मांग की थी, जिसे खारिज कर दिया गया था।
निचली अदालत ने किया था बरी
राउज़ एवेन्यू कोर्ट ने 22 जनवरी के फैसले में केजरीवाल को समन पालन से जुड़े मामले में बरी कर दिया था और जांच एजेंसी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए थे। इसके बाद CBI ने इस फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती दी है।
पक्षपात का आरोप
केजरीवाल की ओर से जस्टिस शर्मा पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए मामले को निष्पक्ष पीठ को सौंपने की मांग की गई है। अब हाईकोर्ट की सुनवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।





