कवर्धा: पार्षद पर पीएम आवास योजना में घोटाले का आरोप, पत्नी के नाम कराया मकान, कलेक्टर से शिकायत

कवर्धा: पांडातराई नगर पंचायत का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। इस बार वार्ड क्रमांक 10 के कांग्रेस पार्षद प्रदीप जायसवाल पर प्रधानमंत्री आवास योजना में बड़ा घोटाला करने का गंभीर आरोप लगा है।
शिकायत करने वालों का कहना है कि पार्षद ने एक गरीब आदिवासी परिवार की जमीन को झूठे कागज़ात के जरिए अपने नाम कराया और फिर उसी जमीन पर अपनी पत्नी सरिता जायसवाल के नाम से प्रधानमंत्री आवास बनवा लिया। इससे असली लाभार्थी चंदूलाल और सुंदरबाई को उनका हक नहीं मिल सका।
इस पूरे मामले को उजागर करते हुए सागर कोरी, पुष्पेंद्र पटेल, जसबीर सलूजा और अन्य स्थानीय लोगों ने कलेक्टर गोपाल वर्मा को ज्ञापन सौंपा और पार्षद के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ताओं ने बताया कि यह जमीन वार्ड 4 में स्थित है और खसरा नंबर 400/1 के तहत दर्ज है, जिसका रकबा 0.03 हेक्टेयर है। पार्षद पर सरकारी योजना की राशि का गलत इस्तेमाल करने और फर्जी तरीके से मकान अपने परिवार के नाम करवाने का आरोप है।
फिलहाल प्रशासन ने शिकायत पर जांच शुरू कर दी है और कलेक्टर ने आश्वासन दिया है कि दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।





