कर्नाटक बंद: क्या खुला रहेगा और कहां पड़ेगा असर?

बेंगलुरु, 22 मार्च 2025 कर्नाटक में आज यानी 22 मार्च को सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक बंद का ऐलान किया गया है। यह बंद बेलगावी में एक बस कंडक्टर पर कथित हमले के विरोध में किया जा रहा है। आरोप है कि कर्नाटक राज्य सड़क परिवहन निगम (KSRTC) के कंडक्टर पर मराठी न बोलने के कारण हमला हुआ, जिससे राज्य में भाषाई भेदभाव को लेकर आक्रोश है।

क्या रहेगा बंद?

बंद के दौरान निजी वाहनों, ऑटो-रिक्शा और बसों के संचालन पर असर पड़ सकता है। शॉपिंग मॉल, मल्टीप्लेक्स और सिनेमाघरों के बंद रहने की संभावना है। कुछ निजी दफ्तर भी बंद रह सकते हैं। हालांकि, सरकारी दफ्तर खुले रहेंगे और आवश्यक सेवाओं पर कोई रोक नहीं होगी।

कर्नाटक सरकार का रुख

राज्य के उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने कहा कि सिद्धारमैया सरकार बंद का समर्थन नहीं करती। उन्होंने कहा कि इससे परीक्षाएं दे रहे छात्रों को दिक्कत होगी। प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी है और आम जनता को सतर्क रहने की सलाह दी है।

बंद की वजह क्या है?

पिछले महीने बेलगावी से बालेकुंडरी जा रही बस के कंडक्टर पर मराठी समर्थक संगठनों से जुड़े कुछ लोगों ने कथित रूप से हमला किया था, क्योंकि वह मराठी नहीं बोल रहे थे। इस घटना के बाद महाराष्ट्र और कर्नाटक के बीच अंतर-राज्यीय बस सेवाएं निलंबित कर दी गई थीं।

इतिहास में भाषाई विवाद

स्वतंत्रता के बाद से ही बेलगावी को लेकर महाराष्ट्र और कर्नाटक के बीच विवाद रहा है। बेलगावी कर्नाटक में है, लेकिन वहां मराठी भाषियों की संख्या अधिक है। कन्नड़ संगठनों ने इस घटना के बाद मराठी समर्थक संगठनों पर कार्रवाई की मांग की है।

बंद के कारण आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में रोजमर्रा की गतिविधियों को लेकर सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button