कपसाखुंटा जलाशय मछली पालन के लिए 10 साल के पट्टे पर दिया जाएगा, 2 जुलाई तक करें आवेदन

महासमुंद, बसना: जनपद पंचायत बसना के अंतर्गत आने वाले कपसाखुंटा जलाशय को मछली पालन के लिए 10 वर्षों की अवधि के पट्टे पर देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस संबंध में मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने जानकारी दी कि इच्छुक मछुआ समूह, मत्स्य सहकारी समितियां, महिला स्व-सहायता समूह और योग्य व्यक्तिगत मछुआरों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि सामान्य क्षेत्र में धीवर, ढीमर, निषाद, केंवट, कहार, कहरा, मल्लाह समुदाय की पंजीकृत समितियों और समूहों को प्राथमिकता दी जाएगी। वहीं अनुसूचित जनजाति क्षेत्रों में एसटी वर्ग के पंजीकृत समूहों और समितियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
इसके अलावा, मछली पालन में डिप्लोमा, स्नातक या स्नातकोत्तर डिग्री रखने वाले बेरोजगार युवाओं, और वर्ष 1965 या उसके बाद जलाशयों के कारण विस्थापित हुए परिवारों या उनके समूहों को भी प्राथमिकता मिलेगी।
आवेदक की न्यूनतम आयु 18 वर्ष होनी चाहिए। आवेदन के साथ जरूरी दस्तावेज जैसे पंजीयन प्रमाण पत्र, समिति का प्रस्ताव, सदस्य सूची, जाति-निवास प्रमाण पत्र, गरीबी रेखा सर्वे प्रमाण पत्र और बैंक कर्ज नहीं होने का प्रमाणपत्र अनिवार्य हैं।
इच्छुक लोग 2 जुलाई 2025 की शाम 4 बजे तक अपने सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ आवेदन जनपद पंचायत बसना में जमा कर सकते हैं। अधूरे आवेदन पत्रों पर कोई विचार नहीं किया जाएगा।





