गाजियाबाद में बिना इजाजत निकली कलश यात्रा, बीजेपी विधायक नंदकिशोर गुर्जर बोले- यूपी में बढ़ गया है अन्याय

गाजियाबाद | 21 मार्च 2025 – उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में गुरुवार को बिना अनुमति के निकाली गई कलश यात्रा को लेकर विवाद हो गया। बीजेपी विधायक नंद किशोर गुर्जर के नेतृत्व में हजारों लोगों की यह यात्रा राम कथा से पहले निकाली गई थी। पुलिस ने इसे रोकने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस और विधायक के बीच धक्का-मुक्की हो गई।
विधायक गुर्जर ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए बल प्रयोग किया और शराब के नशे में धुत पुलिसकर्मियों ने उन पर पिस्टल तान दी। उन्होंने मंच से कहा, “अगर एसीपी और इंस्पेक्टर ने उस समय शराब नहीं पी थी, तो मैं अपने पद से इस्तीफा दे दूंगा।” उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से न्याय की उम्मीद है क्योंकि यूपी में अन्याय बढ़ गया है।
पुलिस के अनुसार, 19 मार्च की रात को ही सूचना मिली थी कि हितेश गुर्जर द्वारा 20 मार्च को बिना अनुमति के कलश यात्रा निकाली जाएगी। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की और संपर्क करने का प्रयास भी किया, लेकिन फोन नहीं उठाया गया। सुबह बातचीत में यात्रा को गैर परंपरागत बताते हुए इसे रोकने की चेतावनी दी गई, लेकिन इसके बावजूद यात्रा निकाली गई।
इस कलश यात्रा में हजारों की संख्या में महिलाएं और पुरुष शामिल थे। विधायक ने सिर पर रामचरित मानस रखकर यात्रा निकाली। अब पुलिस इस मामले की आगे जांच कर रही है और विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है।





