ज्वाला गुट्टा ने 30 लीटर ब्रेस्ट मिल्क डोनेट कर बचाई नवजातों की ज़िंदगी

दिल्ली। भारत की पूर्व बैडमिंटन स्टार ज्वाला गुट्टा इन दिनों अपने नेक काम के लिए चर्चा में हैं। बेटी मीरा को 22 अप्रैल 2025 को जन्म देने के बाद से ही ज्वाला लगातार ब्रेस्ट मिल्क डोनेट कर रही हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अब तक वह 30 लीटर तक ब्रेस्ट मिल्क दान कर चुकी हैं। उनका उद्देश्य उन नवजात शिशुओं की मदद करना है, जो मां के दूध से वंचित हैं, समय से पहले पैदा हुए हैं या गंभीर रूप से बीमार हैं। ज्वाला गुट्टा ने अगस्त में अपने एक्स हैंडल पर लिखा था कि “ब्रेस्ट मिल्क ज़िंदगी बचाता है। समय से पहले जन्मे और बीमार शिशुओं के लिए, दान किया गया दूध जीवन बदल सकता है।” उन्होंने लोगों से अपील की कि वे मिल्क बैंक के लिए योगदान करें और इस मुहिम से जुड़ें।

सोशल मीडिया पर उनकी इस पहल की जमकर सराहना हो रही है। यूजर्स उन्हें ‘सोने के दिल वाली महिला’ कहकर सम्मानित कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि मां के दूध में मौजूद डीएचए शिशुओं के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए बेहद ज़रूरी है, जो पाउडर दूध में नहीं मिलता। वहीं, दूसरे यूजर ने लिखा कि मां का दूध हर नवजात के लिए अमृत है और जब यह उपलब्ध नहीं होता, तो दान किया गया दूध जीवनदाता बन जाता है।

गौरतलब है कि ज्वाला और उनके पति विष्णु ने बेटी मीरा का जन्म अपनी चौथी शादी की सालगिरह पर मनाया। मीरा दोनों की पहली संतान है। खास बात यह भी रही कि ज्वाला ने लंबे समय तक IVF ट्रीटमेंट कराया था और इस सफर में अभिनेता आमिर खान ने उनकी मदद की थी। ज्वाला गुट्टा का यह कदम समाज में ब्रेस्ट मिल्क डोनेशन को लेकर नई जागरूकता पैदा कर रहा है और नवजात शिशुओं की ज़िंदगी बचाने में प्रेरणा का स्रोत बन रहा है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button