जशपुर के युवाओं को मिली नई उड़ान: शुरू हुई एनसीसी की एयर स्क्वाड्रन

जशपुर/रायपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के युवाओं को अब एनसीसी (नेशनल कैडेट कोर) के जरिए भारतीय वायु सेना और रक्षा क्षेत्र में करियर बनाने का शानदार मौका मिलेगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल से जिले में एनसीसी की एयर स्क्वाड्रन की शुरुआत हो गई है। यह छत्तीसगढ़ की तीसरी एयर एनसीसी यूनिट होगी।
इस नई शुरुआत के तहत जशपुर के पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय में 25 मेधावी छात्रों को एनसीसी कैडेट के रूप में शामिल किया गया है, जिनमें 13 बालिकाएं और 12 बालक हैं। मुख्यमंत्री ने खुद सभी कैडेट्स को बैज पहनाकर एनसीसी में शामिल किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर विंग कमांडर विवेक कुमार साहू ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह भी भेंट किया।
मुख्यमंत्री ने पहले ही रायपुर के अलावा अन्य हवाई पट्टी वाले शहरों जैसे जगदलपुर, बिलासपुर, अंबिकापुर और जशपुर में भी एनसीसी एयर स्क्वाड्रन शुरू करने की बात कही थी। उनकी इसी पहल का नतीजा है कि जशपुर की आगड़ीह हवाई पट्टी को इसके लिए मंजूरी मिली और एक माइक्रोलाइट विमान भी यहां प्रशिक्षण के लिए भेजा गया। अब तक करीब 100 कैडेट्स को विमान उड़ाने का वास्तविक अनुभव दिया जा चुका है।
बढ़ेंगे रोजगार के मौके
इस एयर स्क्वाड्रन से जुड़े कैडेट्स को सेना में भर्ती के लिए यूपीएससी और एसएसबी इंटरव्यू के ज़रिए विशेष अवसर मिलते हैं। खास बात यह है कि कुछ कोर्स ऐसे भी हैं जिनमें केवल एसएसबी इंटरव्यू से चयन होता है – बिना यूपीएससी परीक्षा दिए। इनमें लड़कियों के लिए 20 सीटें आरक्षित रहती हैं। इसके अलावा, वायुसेना के ट्रेनिंग कोर्स में 10% आरक्षण और पैरामिलिट्री फोर्स की भर्ती में बोनस अंक भी मिलते हैं। कई निजी कंपनियों में भी एनसीसी सर्टिफिकेट को नौकरी के लिए प्राथमिकता दी जाती है।
यह पहल जशपुर के युवाओं के लिए एक बड़ा तोहफा साबित होगी, जिससे उन्हें ना केवल प्रशिक्षण बल्कि सेना और अन्य क्षेत्रों में बेहतर भविष्य की दिशा भी मिलेगी।





