61 साल बाद यूपी में लौट रहा जम्बूरी, पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ इस नवंबर एक ऐतिहासिक आयोजन की साक्षी बनेगी। भारत स्काउट एंड गाइड्स की 19वीं राष्ट्रीय जम्बूरी 23 से 29 नवंबर तक आयोजित होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 24 नवंबर को इसका उद्घाटन करेंगे, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसकी मेजबानी करेंगे।
इस आयोजन के लिए वृंदावन योजना में 35 हजार लोगों की क्षमता वाली एक भव्य “गेटेड टेंट सिटी” तैयार की जाएगी। भूमि पूजन कार्यक्रम 29 सितंबर को होगा, जिसमें राज्य सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री, भारत स्काउट गाइड उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष और स्टेट चीफ कमिश्नर शामिल रहेंगे।
राष्ट्रीय जम्बूरी भारत के युवाओं का एक महाकुंभ माना जाता है, जिसमें देश-विदेश से करीब 32 हजार स्काउट्स और गाइड्स हिस्सा लेंगे। वे एक सप्ताह तक एडवेंचर, खेलकूद, विज्ञान और सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेंगे। साथ ही अनुशासन, आत्मनिर्भरता और टीमवर्क जैसे जीवन मूल्यों को भी आत्मसात करेंगे।
उत्तर प्रदेश को यह अवसर 61 साल बाद मिला है। आखिरी बार 1964 में प्रयागराज ने चौथे जम्बूरी की मेजबानी की थी। जम्बूरी का प्रधानमंत्री मोदी से भी जुड़ाव है। 2009 में उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए अहमदाबाद में हुए जम्बूरी में हिस्सा लिया था।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह आयोजन न केवल युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा, बल्कि वैश्विक भाईचारे का भी संदेश देगा। योगी सरकार इसे पूरी तरह विश्वस्तरीय स्वरूप देने की तैयारी कर रही है, ताकि आने वाले हजारों प्रतिभागियों को सुरक्षित और आधुनिक माहौल मिल सके।





