जयपुर: एसएमएस अस्पताल में भीषण आग, 8 मरीजों की मौत, सीएम भजनलाल शर्मा पहुंचे मौके पर

राजस्थान की राजधानी जयपुर में सवाई मान सिंह (एसएमएस) अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में देर रात आईसीयू वार्ड में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 8 मरीजों की मौत हो चुकी है, जबकि कई गंभीर मरीजों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। दमकल विभाग, डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा तत्काल अस्पताल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर दुख जताया और घायलों के इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

अस्पताल ट्रॉमा सेंटर के प्रभारी अनुराग धाकड़ ने बताया कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी थी। अधिकांश मरीज पहले से ही गंभीर हालत में थे और कई कोमा में थे। आग से निकलने वाले जहरीले धुएं ने उनकी स्थिति और बिगाड़ दी। डॉक्टरों ने मरीजों को निचली मंजिल के आईसीयू में शिफ्ट करने की कोशिश की, लेकिन 8 मरीजों को बचाया नहीं जा सका।

धाकड़ के अनुसार, कुल 24 मरीजों को बाहर निकाला गया, जिनमें 11 ट्रॉमा आईसीयू और 13 बगल के आईसीयू में थे। मृतकों में दो महिलाएं और चार पुरुष शामिल हैं, जबकि पांच मरीजों की हालत अभी भी गंभीर है।

राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि एसएमएस प्रशासन हताहतों की संख्या और स्थिति पर जल्द रिपोर्ट जारी करेगा। सरकार की प्राथमिकता सभी घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराना है।

फिलहाल पुलिस, फॉरेंसिक टीम और अस्पताल प्रशासन ने आग की वजह की जांच शुरू कर दी है। साथ ही पूरे अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और फायर सिस्टम की समीक्षा की जा रही है ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button