जय पवार की सगाई से सियासी हलकों में हलचल, जानिए कौन हैं रुतुजा पाटिल

बारामती | 10 अप्रैल 2025:महाराष्ट्र की राजनीति में एक और खास मौका चर्चा में है। उपमुख्यमंत्री अजित पवार के छोटे बेटे जय पवार की सगाई 10 अप्रैल को रुतुजा पाटिल से हुई। इस पारिवारिक समारोह की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं, जिनमें जय और रुतुजा एक-दूसरे का हाथ थामे नजर आ रहे हैं। इन तस्वीरों को खुद सुप्रिया सुले ने सोशल मीडिया पर साझा किया और दोनों को शुभकामनाएं दीं।

रुतुजा पाटिल महाराष्ट्र के सतारा जिले के फलटन की रहने वाली हैं। वे प्रसिद्ध उद्योगपति प्रवीण पाटिल की बेटी हैं। रुतुजा का पारिवारिक और शैक्षणिक पृष्ठभूमि भी प्रभावशाली है। उनकी बहन की शादी केसरी ट्रैवल्स के प्रतिष्ठित परिवार में हुई है, जिससे उनका जुड़ाव पहले से ही एक समृद्ध कारोबारी परिवार से है।

जय पवार की बात करें तो अभी वे सक्रिय रूप से राजनीति में प्रवेश नहीं कर पाए हैं। उनका रुझान फिलहाल व्यवसाय की ओर है। उन्होंने दुबई में कॉरपोरेट सेक्टर में काम किया है और वर्तमान में मुंबई व बारामती में व्यावसायिक गतिविधियों में जुटे हैं। हालांकि, वे राजनीतिक गतिविधियों से पूरी तरह दूर नहीं हैं। 2024 के लोकसभा और विधानसभा चुनावों के दौरान उन्होंने अपनी मां सुनेत्रा पवार और पिता अजित पवार के लिए प्रचार किया था।

सगाई से पहले जय और रुतुजा ने पवार परिवार के वरिष्ठ सदस्य शरद पवार से आशीर्वाद लेने के लिए मोदीबाग स्थित उनके निवास पर मुलाकात की। इस खास मौके पर अजित पवार और शरद पवार दोनों साथ नजर आए, जिसकी तस्वीरें लोगों का ध्यान खींच रही हैं।

अब सबकी नजर इस जोड़े की शादी पर टिकी है, जो जल्द ही पवार परिवार में एक और जश्न की वजह बनेगी। जय और रुतुजा की सगाई न केवल एक पारिवारिक अवसर है, बल्कि महाराष्ट्र की सियासत में नए समीकरणों की संभावनाओं को भी जन्म दे रही है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button